सडक़ संपर्क टूटा, कई पुल डूबे, घरों-दुकानों में घुसा पानी; खेत-खलिहान भी जलमग्न
मेंगलूरु। दक्षिण कन्नड़ जिले के बेल्तंगडी तालुक में लगातार हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। भारी वर्षा के कारण नेत्रावती, मृत्युंजय सहित कई नदियां उफान पर हैं, जिससे सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि जलमग्न हो गई। कई स्थानों पर भूस्खलन, जलभराव और सडक़ संपर्क टूटने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सोमावती नदी का पानी किल्लूर-लायल मार्ग पर फैलने से यातायात कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा। कुत्रोट्टू-चंदकूर पुल और मित्तबागिलु व चार्माडी क्षेत्र के छोटे पुल जलमग्न होने से कई गांवों का संपर्क कट गया। धर्मस्थल-उजिरे राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी कई फीट पानी बहने से करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।
भारी बारिश से नेरिया स्थित सियोन आश्रम की सुरक्षा दीवार ढह गई, जबकि लायल गांव में एक मकान की दीवार गिरने से नीचे स्थित घर क्षतिग्रस्त हो गया और एक महिला घायल हो गई। चिबिद्रे स्थित अन्नपूर्णेश्वरी मंदिर परिसर में भी पानी घुसने से नुकसान हुआ।
स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण में कथित तकनीकी खामियों को जलभराव का प्रमुख कारण बताते हुए प्रशासन से तत्काल स्थायी समाधान की मांग की है। लगातार वर्षा को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की अपील की है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

