सार्वजनिक सुविधा के लिए बना फुटओवर ब्रिज अब नशेडिय़ों का अड्डा
नगर परिषद से मरम्मत या हटाने की मांग
उडुपी। उडुपी नगर परिषद कार्यालय के समीप स्थित पैदल फुटओवर ब्रिज, जो कभी राहगीरों की सुरक्षा के लिए बनाया गया था, आज स्वयं लोगों के लिए खतरा बन गया है। रखरखाव के अभाव में पुल जर्जर और जंगग्रस्त हो चुका है। स्थिति इतनी खराब है कि इसके प्रवेश द्वार पर ताला लगा दिया गया है और आम लोगों की आवाजाही पूरी तरह बंद है।
यह फुटओवर ब्रिज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से मातृ एवं शिशु अस्पताल जाने वाले गर्भवती महिलाओं, प्रसूताओं, मरीजों और अन्य नागरिकों को सुरक्षित सडक़ पार कराने के उद्देश्य से सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत बनाया गया था। लेकिन अब इसका एक हिस्सा निर्माण कार्य के कारण बंद है, जबकि दूसरी ओर सीढिय़ां झाडिय़ों से ढक गई हैं।
नशेडिय़ों का अड्डा बना पुल
स्थानीय लोगों के अनुसार, शाम होते ही पुल की सीढिय़ों पर असामाजिक तत्व, शराबी और नशे के आदी लोग जमा होने लगते हैं। पुल के निचले हिस्से में लगी लोहे की चादरें भी जंग खाकर ढीली हो चुकी हैं, जिनके सडक़ पर गिरने का खतरा बना हुआ है।
नगर परिषद दुविधा में
स्थानीय नागरिकों ने पुल की तत्काल मरम्मत या फिर उसे हटाने की मांग की है। हालांकि नगर परिषद के सामने दुविधा है। पुल को ऐसे ही छोडऩा जोखिम भरा है, जबकि उसे हटाने में भी भारी खर्च आएगा।
स्थानीय ऑटो रिक्शा चालक प्रसाद किदियूर का कहना है कि अस्पताल के स्थानांतरण के बाद लोग पुल का उपयोग करना छोड़ चुके हैं। सीढिय़ां चढऩे-उतरने में अधिक समय लगने के कारण अधिकांश लोग सीधे सडक़ पार करना ही सुविधाजनक समझते हैं, जिससे पुल पूरी तरह अनुपयोगी हो गया है।
नया फुटओवर ब्रिज जल्द
नगर परिषद कार्यालय के पास स्थित पुल की स्थिरता की जांच कराई जाएगी। साथ ही एमजीएम कॉलेज के पास नए पैदल पुल के निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू होगा। मणिपाल स्थित बब्बूस्वामी मंदिर के निकट प्रस्तावित फुटओवर ब्रिज की योजना पर भी पुनर्विचार किया जाएगा।
–महंतेश हंगरगी, आयुक्त, नगर परिषद
आवश्यक निर्णय लिया जाएगा
पीपीपी मॉडल पर बने इस पुल के रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित संस्था की है। वर्तमान स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।
–यशपाल सुवर्ण, विधायक
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

