सभी को संतुष्ट करना संभव नहीं, महिलाओं को मिलेगा प्रतिनिधित्व
अन्नपूर्णा पर फैसला आलाकमान करेगा
बल्लारी। राज्य कांग्रेस सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच मंत्री एम.बी. पाटील ने कहा कि सरकार या पार्टी में किसी तरह का संकट नहीं है। मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस आलाकमान सभी विषयों को उचित तरीके से सुलझा लेंगे।
बल्लारी में पत्रकारों से बातचीत में पाटील ने कहा कि राजनीतिक दल में मंत्री पद सहित विभिन्न मुद्दों पर नेताओं और विधायकों के अलग-अलग विचार सामने आना स्वाभाविक है। परिवार की तरह राजनीतिक दल में भी छोटे-मोटे मतभेद हो सकते हैं।
सभी को संतुष्ट करना आसान नहीं
पाटील ने कहा कि वर्तमान मंत्रिमंडल का आकार पहले की तुलना में बड़ा नहीं है। ऐसे में उपलब्ध पदों में ही सभी को संतुष्ट करना कठिन है। प्रत्येक विधायक में मंत्री बनने की क्षमता और इच्छा होना स्वाभाविक है तथा मंत्री पद के लिए दबाव बनना भी असामान्य नहीं है।
उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल गठन में केवल व्यक्तिगत योग्यता ही आधार नहीं होती। क्षेत्रीय संतुलन, सामाजिक और जातीय समीकरण समेत कई पहलुओं को ध्यान में रखकर निर्णय लेना पड़ता है।
महिलाओं को मिलेगा प्रतिनिधित्व
मंत्री पाटील ने स्पष्ट किया कि मंत्रिमंडल में महिलाओं को निश्चित रूप से प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि संडूर की विधायक अन्नपूर्णा सक्षम नेता हैं, लेकिन उन्हें मंत्री बनाया जाए या नहीं, इसका अंतिम निर्णय कांग्रेस आलाकमान करेगा।
उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल में किस तरह का संतुलन रखा जाए, इस पर आलाकमान विभिन्न सामाजिक एवं क्षेत्रीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अंतिम निर्णय लेगा।
तुकाराम की सेवा बड़ी
बल्लारी के सांसद ई. तुकाराम की राजनीतिक सेवाओं की सराहना करते हुए पाटील ने कहा कि पार्टी के लिए उनका योगदान महत्वपूर्ण है। उनकी पत्नी अन्नपूर्णा को मंत्री पद दिया जाता है तो इसमें भी कोई आपत्ति नहीं है। हालांकि किसे मंत्रिमंडल में शामिल करना है, इसका निर्णय पूरी तरह पार्टी आलाकमान का अधिकार है।
“मैं हाईकमान नहीं हूं”
मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पाटील ने कहा कि सभी को संतुष्ट करना संभव नहीं है। मैं आलाकमान नहीं हूं, पार्टी ही सभी निर्णय लेगी। नेतृत्व के अंतिम फैसले का सभी को सम्मान करना होगा।
खरगे सक्षम नेतृत्व दे रहे हैं
एआइसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रशंसा करते हुए पाटील ने कहा कि पार्टी के आंतरिक मामलों को संभालने की उनमें पूरी क्षमता है। खरगे हमारे अपने हैं और वे पार्टी के मामलों को प्रभावी ढंग से संभालेंगे। उनका राजनीतिक अनुभव जितना है, उतनी मेरी उम्र भी नहीं है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

