24 गुणा 7 पानी के नाम पर नवलगुंद में बिलों का झटका24 गुणा 7 पानी के नाम पर नवलगुंद में बिलों का झटका

सालाना 1,200 से बढक़र 5,000 रुपए तक पहुंचा पानी का बिल

मीटर आधारित शुल्क से नागरिक परेशान

हुब्बल्ली। नवलगुंद शहर में नगर पालिका की ओर से हाल ही में लागू की गई 24 गुणा 7 पेयजल योजना के तहत जारी पानी के बिलों ने उपभोक्ताओं को हैरान कर दिया है। पहले जहां सालाना करीब 1,200 रुपए पानी का कर देना पड़ता था, वहीं अब कई उपभोक्ताओं के बिल 5,000 रुपए तक पहुंच गए हैं। अचानक बढ़े बिलों को लेकर नागरिकों में नगर पालिका के खिलाफ नाराजगी है।

100 रुपए महीना से सीधे हजारों का बिल

पहले चन्नम्मा जलाशय से आठ दिन में एक बार पानी की आपूर्ति होती थी। इसके लिए नगर पालिका प्रति माह केवल 100 रुपए, यानी सालाना 1,200 रुपए पानी का कर वसूलती थी। लोग घरेलू उपयोग के साथ पशुओं के लिए भी पानी जमा करके रखते थे।

अब 24 गुणा 7 योजना के तहत घरों में मीटर लगाए जाने के बाद 300 रुपए से लेकर 5,000 रुपए तक के बिल आने की शिकायतें सामने आई हैं। नागरिकों का कहना है कि एक साथ बढ़े शुल्क ने घरेलू बजट बिगाड़ दिया है।

24 गुणा 7 योजना को शहर के कुछ वार्डों में पिछले दो महीने से प्रायोगिक तौर पर लागू किया गया था। पिछले महीने सभी कनेक्शनों पर मीटर लगाए जाने के बाद बिलों में अचानक बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।

फिलहाल रोज दो घंटे पानी

योजना के तहत जिन वार्डों में इसे लागू किया गया है, वहां फिलहाल 24 गुणा 7 के नाम पर प्रतिदिन करीब दो घंटे पानी की आपूर्ति की जा रही है। नगर पालिका का कहना है कि तकनीकी कार्य पूरा होने के बाद चौबीसों घंटे जलापूर्ति शुरू करने की तैयारी है।

8 हजार लीटर पर 96 रुपए

योजना के तहत फिलहाल 8 हजार लीटर पानी के लिए 96 रुपए शुल्क निर्धारित है। 8 से 15 हजार लीटर तक खपत होने पर प्रत्येक अतिरिक्त 8 हजार लीटर के लिए 14 रुपए, 15 से 25 हजार लीटर तक 16 रुपए तथा 25 हजार लीटर से अधिक खपत पर प्रत्येक अतिरिक्त 8 हजार लीटर के लिए 18 रुपए अतिरिक्त शुल्क निर्धारित किया गया है।

मीटर की जांच होगी

नगर पालिका के मुख्याधिकारी शरणप्पा पुजारी ने कहा कि 24 गुणा 7 योजना के तहत नए मीटर लगाए गए हैं। बिल अधिक आने के पीछे मीटर में कोई गड़बड़ी है या नागरिकों की पानी की खपत बढ़ी है, इसकी नगर जलापूर्ति एवं मलजल बोर्ड के अभियंताओं के साथ चर्चा कर जांच कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि नागरिकों को पानी की खपत और मीटर प्रणाली के बारे में उचित जानकारी देना भी आवश्यक है, ताकि अनावश्यक भ्रम और नाराजगी की स्थिति पैदा न हो।

 

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?

अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें

हर खबर सबसे पहले

Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

 

 

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *