जांच शुल्क समान, फिर भी रक्त की कीमतों में भारी अंतर
सभी ब्लड बैंकों में एक समान दर लागू करने की मांग
मेंगलूरु। जीवनरक्षक रक्त की कीमत को लेकर सरकारी और निजी ब्लड बैंकों में कथित अंतर पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि जब रक्त की जांच का शुल्क निर्धारित है, तो सरकारी और निजी रक्त बैंकों में रक्त एवं उसके घटकों की कीमत अलग-अलग क्यों है। इस अंतर को समाप्त कर सभी ब्लड बैंकों में एक समान दर लागू करने की मांग उठ रही है।
2024 में सरकार ने संशोधित किए थे शुल्क
राज्य सरकार ने वर्ष 2024 में रक्त और उसके घटकों की दरों में संशोधन किया था। इसके अनुसार सरकारी तथा सरकारी सहायता प्राप्त ब्लड बैंकों में बीपीएल कार्डधारकों के लिए रक्त जांच शुल्क पूरी तरह नि:शुल्क है। निजी ब्लड बैंकों में बीपीएल कार्डधारकों को 50 प्रतिशत छूट देने का प्रावधान है।
रक्त जांच में आइडी-नैट और पूल्ड नैट (एमपी-नैट) जैसी विधियों का इस्तेमाल होता है। आइडी-नैट जांच की लागत करीब 1,200 रुपए, जबकि पूल्ड नैट की लागत करीब 200 रुपए बताई गई है।
एक रक्तदान से 4-5 मरीजों को लाभ
एक रक्तदाता से प्राप्त रक्त को पूर्ण रक्त, लाल रक्तकण, प्लाज्मा, प्लेटलेट और क्रायोप्रेसिपिटेट सहित पांच घटकों में विभाजित किया जाता है। इससे चार से पांच मरीजों का उपचार संभव है। हालांकि, आरोप है कि एक बार किए गए रक्त परीक्षण का खर्च अलग-अलग घटकों पर जोडक़र वसूला जा रहा है।
निजी ब्लड बैंकों में अपेक्षाकृत अधिक शुल्क के कारण कई लोग सरकारी ब्लड बैंकों का रुख कर रहे हैं। इससे भविष्य में सरकारी ब्लड बैंकों में रक्त की कमी की आशंका भी जताई जा रही है। एक जिले में जहां 10 से अधिक निजी ब्लड बैंक हो सकते हैं, वहीं सरकारी ब्लड बैंक सामान्यत: एक ही होता है।
बीपीएल मरीजों को मुफ्त रक्त की मांग
सरकारी सहायता प्राप्त और नाको समर्थित ब्लड बैंकों में बीपीएल कार्डधारकों को नि:शुल्क रक्त उपलब्ध कराने का नियम है। इसके बावजूद कुछ स्थानों पर शुल्क वसूले जाने की शिकायतें सामने आई हैं। लोगों ने मांग की है कि सरकारी ही नहीं, निजी अस्पतालों में उपचार करा रहे बीपीएल मरीजों को भी नि:शुल्क रक्त उपलब्ध कराने का नियम प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।
किसी को लाभ कमाने की अनुमति नहीं
रक्त से किसी को लाभ कमाने की अनुमति नहीं है। जांच का खर्च समान होने पर सरकारी और निजी ब्लड बैंकों में अलग-अलग दर उचित नहीं है।
–बी.के. इम्तियाज, सामाजिक कार्यकर्ता

अधिकारियों को दिए निर्देश
सरकारी ब्लड बैंकों में बीपीएल कार्डधारकों को मुफ्त रक्त दिया जा रहा है। एपीएल कार्डधारकों के लिए रक्त घटक के अनुसार 1,100, 300 और 200 रुपए की दर निर्धारित है। बीपीएल मरीजों को भी नि:शुल्क रक्त उपलब्ध कराने तथा सरकारी सहायता प्राप्त निजी ब्लड बैंकों की सूची के आधार पर आवश्यक नियम बनाने के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
–यू.टी. खादर, स्वास्थ्य मंत्री
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

