60 वर्ष से अधिक उम्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी जोड़ा जाएगा
नकली पनीर, कृत्रिम रंग और निकोटिनयुक्त गुटखा-पान मसाला पर सख्ती
मेंगलूरु। स्वास्थ्य मंत्री यू.टी. खादर ने कहा कि खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर बार अधिकारियों द्वारा छापेमारी करना संभव नहीं है। इसलिए सरकार तालुक स्तर पर निगरानी दल (वॉच टीम) गठित करने पर विचार कर रही है। ये दल स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा के संबंध में लोगों में जागरूकता फैलाने का काम करेंगे।
इस बारे में पत्रकारों को जानकारी देते हुए खादर ने कहा कि 60 वर्ष से अधिक उम्र के नागरिकों समेत सामाजिक कार्य में रुचि रखने वालों को भी निगरानी दलों में शामिल करने पर विचार किया जा रहा है।
खाद्य भंडारण की जानकारी अनिवार्य
खादर ने कहा कि चिकन को कितने दिनों तक सुरक्षित रखा जा सकता है, इसे लेकर देश में निर्धारित नियम हैं। उपभोक्ताओं को स्पष्ट जानकारी देने के लिए दुकानों और प्रतिष्ठानों में संबंधित सूचना वाले बोर्ड लगाए जाने चाहिए। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उनमें चीनी की मात्रा को लेकर भी उचित नियम बनाने की जरूरत है। उन्होंने इस दिशा में केंद्र सरकार से भी ध्यान देने का आग्रह किया।
नकली पनीर पर कार्रवाई जारी
राज्य सरकार ने कृत्रिम पनीर के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की है। शाकाहारी खाद्य पदार्थों की मांग अधिक वाले क्षेत्रों में कृत्रिम पनीर के इस्तेमाल की शिकायतें मिली हैं। राज्य में इसके उपयोग पर प्रतिबंध है और कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि कृत्रिम खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। कृत्रिम रंगों पर पूर्ण प्रतिबंध है। अजिनोमोटो पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाना व्यावहारिक नहीं है, लेकिन इसके इस्तेमाल पर नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
निकोटिनयुक्त गुटखा पर भी सख्ती
निकोटिन मिलाकर गुटखा और पान मसाला बेचने वाली कंपनियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विमानों को खाद्य सामग्री और अन्य वस्तुओं की आपूर्ति करने वाली कंपनियों के साथ भी इस संबंध में चर्चा की जाएगी।
खादर ने कहा कि नकली दवाओं के नेटवर्क की एसआइटी से जांच कराई जाएगी। होटल, दवा दुकान और अन्य क्षेत्रों से संबंधित अब तक 400 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुई हैं। सरकार खाद्य एवं स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़े मामलों में कार्रवाई को और प्रभावी बनाने की दिशा में कदम उठा रही है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

