केकेसीसीआई ने रेल मंत्रियों से की अपील
बेंगलूरु-मुंबई वंदे भारत स्लीपर के मार्ग पर अफवाहों से बचने की सलाह
कलबुर्गी। कल्याण कर्नाटक क्षेत्र का रेल नेटवर्क विभिन्न रेलवे जोन में बंटे होने से समग्र विकास प्रभावित हो रहा है। इस क्षेत्र के सभी रेलवे मार्गों को संभव हो तो एक ही जोन के अधीन लाने की मांग जोर पकड़ रही है। कल्याण कर्नाटक चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (केकेसीसीआई) ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना को ज्ञापन सौंपकर इस दिशा में आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है।
चार रेलवे जोन में बंटा है क्षेत्र
वर्तमान में कल्याण कर्नाटक के रेलवे मार्ग मध्य रेलवे, दक्षिण मध्य रेलवे, दक्षिण तट रेलवे और दक्षिण पश्चिम रेलवे के अंतर्गत आते हैं। केकेसीसीआई के अनुसार, एक ही क्षेत्र का रेल नेटवर्क अलग-अलग प्रशासनिक इकाइयों में होने से रेल सेवाओं की योजना, विस्तार और विकास में व्यावहारिक दिक्कतें आती हैं।
कलबुर्गी से वाडी का हिस्सा मध्य रेलवे में है, जबकि वाडी से रायचूर और वाडी से सेडम मार्ग दक्षिण मध्य रेलवे के अधीन हैं। कलबुर्गी के ताज सुल्तानपुर और बीदर क्षेत्र भी दक्षिण मध्य रेलवे के अंतर्गत आते हैं।
‘कलबुर्गी रेल मंडल की मांग भूली’
केकेसीसीआई ने कहा कि कलबुर्गी में अलग रेलवे मंडल की मांग लंबे समय से लंबित है। सोलापुर से कलबुर्गी क्षेत्र की ओर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है। वर्ष 2014 में मंजूर दूसरा पिटलाइन कार्य भी अभी शुरू नहीं हुआ है।
संगठन ने कहा कि कलबुर्गी, वाडी, सेडम, रायचूर, बीदर और आसपास के रेल मार्गों का समग्र अध्ययन कर इन्हें यथासंभव दक्षिण पश्चिम रेलवे या दक्षिण मध्य रेलवे के एक ही जोन में शामिल किया जाना चाहिए।
वंदे भारत स्लीपर पर अफवाहों से बचें
केकेसीसीआई ने प्रस्तावित बेंगलूरु-मुंबई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के मार्ग को लेकर चल रही अफवाहों और अटकलों पर भी लोगों से ध्यान नहीं देने की अपील की है। संगठन को विश्वास है कि यह ट्रेन कलबुर्गी मार्ग से होते हुए कल्याण कर्नाटक क्षेत्र से होकर चलेगी।
केकेसीसीआई अध्यक्ष शरणबसप्पा एम. पप्पा, मानद महासचिव शिवराज वी. इंगिनशेट्टी और शशिकांत बी. पाटील ने केंद्र सरकार से क्षेत्र की रेल संबंधी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का आग्रह किया।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

