लबालब भरा बसवसागर बांध, 1.50 लाख क्यूसेक पानी की आवक से किसानों के चेहरे खिलेबसवसागर बांध।

बागिना चढ़ाने का इंतजार; 99.72 प्रतिशत भर चुका जलाशय

कोडेकल (यादगीर)। महाराष्ट्र समेत कृष्णा नदी के जलग्रहण क्षेत्र और पश्चिमी घाट में हुई भारी बारिश के कारण नारायणपुर का बसवसागर जलाशय लबालब भर गया है। करीब 6 लाख हेक्टेयर क्षेत्र की सिंचाई के लिए जीवनरेखा माने जाने वाले इस जलाशय में पानी भरने से कृष्णा कमांड क्षेत्र के किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। अब किसान जलाशय के भर जाने के बाद बागिना चढ़ाए जाने (गंगा पूजा) का इंतजार कर रहे हैं।

काफी समय तक अपेक्षित मात्रा में पानी नहीं आने से किसान चिंतित थे। इसके बाद 24 जुलाई से बसवसागर जलाशय में पानी की आवक शुरू हुई। शुरुआत में आवक कम थी, लेकिन कृष्णा जलग्रहण क्षेत्र और पश्चिमी घाट में व्यापक बारिश शुरू होने के बाद कृष्णा नदी में बाढ़ की स्थिति बनी और आलमट्टी जलाशय में भारी मात्रा में पानी पहुंचने लगा।

इसके चलते आलमट्टी जलाशय से कृष्णा नदी में पानी छोड़ा गया। परिणामस्वरूप बसवसागर में भी पानी की आवक लगातार बढ़ती गई और जलाशय भरने लगा। जलाशय में जलस्तर बनाए रखने के लिए अधिकारियों ने मुख्य क्रेस्ट गेट खोलकर अतिरिक्त पानी नदी में छोडऩा शुरू कर दिया है।

इस वर्ष की सर्वाधिक आवक 1.50 लाख क्यूसेक

अधिकारियों के अनुसार, बसवसागर जलाशय में वर्तमान में 1.50 लाख क्यूसेक पानी की आवक हो रही है। यह इस वर्ष की अब तक की सर्वाधिक आवक है। 24 जुलाई से 24 अगस्त तक जलाशय में कुल 192 टीएमसी पानी पहुंचा, जबकि इस अवधि में करीब 164 टीएमसी अतिरिक्त पानी नदी में छोड़ा गया।

जलाशय का अधिकतम जलस्तर 492.252 मीटर है, जबकि वर्तमान जलस्तर 492.23 मीटर पहुंच गया है। इसकी कुल जल संग्रह क्षमता 33.313 टीएमसी है और वर्तमान में 33.22 टीएमसी पानी जमा है। इस तरह जलाशय 99.72 प्रतिशत भर चुका है।

जलाशय के लगभग पूरी तरह भर जाने से कृष्णा कमांड क्षेत्र के किसानों में खुशी का माहौल है। अब किसानों की नजर जलाशय में बागिना अर्पित किए जाने की तारीख पर टिकी है।

 

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?

अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें

हर खबर सबसे पहले

Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

 

 

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *