5,396 युवक और 4,565 युवतियां पहली बार मतदाता सूची में शामिल
संशोधन के लिए 13 हजार से अधिक आवेदन
हावेरी। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) अभियान से जिले में नए मतदाताओं को जोडऩे की प्रक्रिया में तेजी आई है। हावेरी जिले में 9,961 युवा मतदाता नए जुड़ गए हैं। इनमें 5,396 युवक और 4,565 युवतियां शामिल हैं। वहीं नाम जोडऩे, हटाने और विवरण में संशोधन के लिए हजारों आवेदन प्राप्त हुए हैं।
एसआइआर के तहत जिले में घर-घर सत्यापन समेत विभिन्न चरणों की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब प्रारूप मतदाता सूची के आधार पर दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर दिया गया है। इस दौरान मतदाता अपने नाम और विवरण की जांच कर आवश्यक सुधार करा सकते हैं।
18 वर्ष पूरे करने वालों में उत्साह
एसआइआर के दौरान 9,961 युवा मतदाताओं का नाम सूची में शामिल हुआ है। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं में पहली बार मतदान का अधिकार हासिल करने को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। आगामी चुनावों में ये नए मतदाता महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
नाम जोडऩे के 6,046 आवेदन
नए मतदाताओं के नाम जोडऩे के लिए इस्तेमाल होने वाले फॉर्म-6 में 6,046 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 में 1,938 आवेदन मिले हैं। मृत, स्थानांतरित अथवा अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने में इन आवेदनों का उपयोग किया जाएगा।
संशोधन के लिए 13,141 आवेदन
नाम, पता, आयु समेत अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 में 13,141 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इससे मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर सुधार की आवश्यकता का पता चलता है। जिले में अभी 14,247 अनमैप्ड मतदाता भी हैं। इन्हें नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके बाद अधिकारियों द्वारा आवश्यक जांच की जाएगी।
पहली बार वोट डालने वालों पर नजर
जिले में करीब 10 हजार नए युवा मतदाताओं के जुडऩे से आगामी चुनावों के समीकरण में नया आयाम जुड़ गया है। पहली बार मतदान करने वाले युवा किन मुद्दों को प्राथमिकता देते हैं और उनकी राजनीतिक अपेक्षाएं क्या हैं, इस पर चुनाव के दौरान सबकी नजर रहेगी।
नाम जुड़वाने का अवसर है
युवा मतदाताओं का नाम केवल एसआइआर के दौरान ही नहीं, बल्कि लगातार मतदाता सूची में जोड़ा जाता है। एसआइआर प्रक्रिया में छूट गए पात्र मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर नाम जुड़वाने का अवसर है।
-एल. नागराज, अपर जिलाधिकारी, हावेरी
विधानसभा क्षेत्रवार युवा मतदाता

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

