पांच जिलों में तडक़े पुलिस की बड़ी कार्रवाई
27 वाहन और नौ हथियार जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
बेलगावी। अपराध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए उत्तर क्षेत्र के पांच जिलों में पुलिस ने रविवार तडक़े एक साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1,041 सक्रिय हिस्ट्रीशीटरों के घरों पर अचानक छापेमारी की। बेलगावी, विजयपुर, बागलकोट, धारवाड़ और गदग जिलों में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की अलग-अलग टीमों ने अभियान चलाया।
उत्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक संदीप पाटील ने कहा कि हिस्ट्रीशीटरों के घरों की तलाशी लेकर उनकी हाल की गतिविधियों और संपर्कों से जुड़ी जानकारी जुटाई गई। कार्रवाई के दौरान बिना दस्तावेज के 27 वाहन तथा नौ हथियार जब्त किए गए।
विजयपुर में सबसे ज्यादा छापे
जिलेवार कार्रवाई में विजयपुर में सर्वाधिक 482, बेलगावी में 201, गदग में 195, बागलकोट में 117 और धारवाड़ में 46 हिस्ट्रीशीटरों के घरों की तलाशी ली गई।
इस दौरान मादक पदार्थ संबंधी मामलों में फरार चल रहे दो हिस्ट्रीशीटरों को खोजकर गिरफ्तार किया गया। जब्त वाहनों और हथियारों के स्रोत, उनके इस्तेमाल तथा किसी आपराधिक वारदात में उपयोग किए जाने की भी जांच की जा रही है।
अपराध से जुड़े संपर्कों पर नजर
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई का उद्देश्य यह पता लगाना है कि हिस्ट्रीशीटर दोबारा अपराध में सक्रिय हैं या नहीं, उनके संपर्क में कौन लोग हैं और उनके पास अवैध हथियार अथवा संदिग्ध वाहन तो नहीं हैं। सामने आए मामलों में संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
संदीप पाटील ने कहा कि हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। कानून-विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई होगी। उत्तर क्षेत्र के सभी जिलों में इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
जिलावार कार्रवाई
जिला – कार्रवाई
विजयपुर – 482
बेलगावी – 201
गदग – 195
बागलकोट – 117
धारवाड़ – 46
कुल – 1,041
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

