भाजपा नेतृत्व पर फिर बरसे पूर्व मंत्री
बेटे को लोकसभा टिकट न देकर किया अन्याय, पार्टी में गंभीर समस्याएं
शिवमोग्गा। भाजपा के वरिष्ठ नेता के.एस. ईश्वरप्पा ने एक बार फिर पार्टी नेतृत्व के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए कहा है कि 2028 के विधानसभा चुनाव में वे स्वयं या उनका बेटा शिवमोग्गा नगर विधानसभा क्षेत्र से निश्चित रूप से चुनाव लड़ेगा।
शिवमोग्गा में पत्रकारों से बातचीत में ईश्वरप्पा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में उनके बेटे को टिकट नहीं दिया जाना उनके लिए अब भी एक पीड़ादायक मुद्दा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेतृत्व ने उनके बेटे के साथ अन्याय किया।
‘दूसरों के बेटों को मिला मौका’
ईश्वरप्पा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येडियूरप्पा के पुत्र बी.वाई. विजयेंद्र और बी.वाई. राघवेंद्र को राजनीतिक अवसर दिए गए। इसी तरह पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के पुत्र को भी टिकट मिला, लेकिन उनके बेटे को टिकट से वंचित कर दिया गया। उन्होंने इसे अपने परिवार के साथ अन्याय बताया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि 2028 के विधानसभा चुनाव में शिवमोग्गा नगर सीट से उनके या उनके बेटे के चुनाव लडऩे की संभावना 100 प्रतिशत तय है।
‘भाजपा में कई नेता संपर्क में’
ईश्वरप्पा ने भाजपा की मौजूदा स्थिति पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि पार्टी के कई नेता अब भी उनके संपर्क में हैं। उनके अनुसार, भाजपा के भीतर कई गंभीर समस्याएं हैं और मौजूदा परिस्थितियों में यदि पार्टी चुनाव में उतरती है तो अपेक्षित संख्या में सीटें जीतना मुश्किल होगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा को संगठन को और मजबूत करने की आवश्यकता है। इन सभी मुद्दों पर भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व क्या निर्णय लेता है, इस पर उनकी नजर है और वे आगे की स्थिति का इंतजार कर रहे हैं।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

