बिजै कोट्टार क्रॉस की घटना; आरोपी राजू गिरफ्तार
मेंगलूरु। मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई ने चाकू से हमला कर बड़े भाई की हत्या कर दी। यह घटना रविवार देर रात मेंगलूरु के बिजै कोट्टार क्रॉस के पास हुई। मृतक की पहचान अडिवेप्पा (40) के तौर पर की गई है, जबकि उसका छोटा भाई राजू (36) हत्या का आरोपी है।
शराब के नशे में दोनों भाइयों में मारपीट
पुलिस के अनुसार दोनों भाई मूल रूप से बेलगावी जिले के बैलहोंगल के रहने वाले थे और कोट्टार क्रॉस के पास किराए के मकान में अपनी मां के साथ रहते थे। मां छोटी दुकान चलाती थीं, जबकि दोनों भाई मजदूरी करते थे।
बताया गया है कि दोनों भाइयों को अत्यधिक शराब पीने की आदत थी। रविवार रात करीब 10.30 से 11 बजे के बीच दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ और मारपीट शुरू हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विवाद मोबाइल फोन को लेकर हुआ था।
खून से लथपथ मिला बड़ा भाई
मां दुकान बंद कर घर लौटीं तो अडिवेप्पा खून से लथपथ पड़ा मिला। परिजन उसे तत्काल वेनलॉक अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर उर्वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी छोटे भाई राजू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटना के संबंध में आगे की जांच जारी है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

