तबादले के लिए कमीशन और अधिकारियों को ‘मंथली’ देने की बातचीत का आरोप
दांडेेली (उत्तर कन्नड़)। उत्तर कन्नड़ जिले में पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाले कथित ‘हफ्ता वसूली’ प्रकरण में तीन पुलिस उपनिरीक्षकों (पीएसआई) को निलंबित कर दिया गया है। वायरल ऑडियो में तबादले के लिए कमीशन और वरिष्ठ अधिकारियों को हर महीने ‘मंथली’ देने संबंधी कथित बातचीत सामने आने के बाद कारवार जिला पुलिस अधीक्षक एम.एन. दीपन ने कार्रवाई की है।
ऑडियो में ‘मंथली’ की चर्चा
निलंबित अधिकारियों में दांडेेली अपराध शाखा के किरण पाटील, हल्याल के विनोद रेड्डी और अपराध शाखा के पीएसआई कृष्ण शामिल हैं। तीनों के बीच हुई बताई जा रही फोन बातचीत का ऑडियो हाल में जेडीएस के आधिकारिक फेसबुक पेज पर वायरल हुआ था।
ऑडियो में हल्याल थाने के कानून एवं व्यवस्था (एलएंडओ) विभाग में तैनाती पाने के लिए कथित धन लेन-देन और पुलिस विभाग में वरिष्ठ अधिकारियों को हर महीने दिए जाने वाले ‘मंथली’ के बारे में बातचीत होने का दावा किया गया था। ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे।
प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कृष्णमूर्ति के नेतृत्व में जांच के आदेश दिए गए थे। जांच अधिकारी ने प्रारंभिक रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को सौंपी।
रिपोर्ट के आधार पर विभागीय अनुशासन और नियमों के उल्लंघन के आरोप में एसपी एम.एन. दीपन ने तीनों पीएसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया। मामले की जांच आगे भी जारी रहने की जानकारी है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

