बागलकोट के इद्दलगी गांव में देर रात हादसा
पुनर्वास की मांग कर रहे परिवारों पर दोहरी मार
बागलकोट। हुनगुंद तालुक के इद्दलगी गांव में रविवार रात अचानक लगी आग से 25 से अधिक झोपडिय़ां जलकर राख हो गईं। हादसे के समय अधिकांश ग्रामीण श्रावण मास के अवसर पर आयोजित प्रवचन कार्यक्रम में गए हुए थे। गनीमत रही कि घटना में किसी की जान नहीं गई। हालांकि, एक मवेशी के गंभीर रूप से झुलसने की जानकारी है।
घरेलू सामान भी जलकर खाक
आग की लपटें तेज होने के कारण झोपडिय़ां पूरी तरह जल गईं। इनमें रखे घरेलू सामान और अन्य आवश्यक वस्तुएं भी आग की भेंट चढ़ गईं। आग लगने की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
पुनर्वास की मांग कर रहे थे ग्रामीण
इद्दलगी के ग्रामीण पिछले करीब एक माह से उचित पुनर्वास की मांग को लेकर धरना दे रहे थे। ऐसे में आग की इस घटना ने झोपडिय़ों में रहने वाले परिवारों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। कई परिवारों ने रहने की जगह के साथ रोजमर्रा की जरूरी वस्तुएं भी गंवा दी हैं।
ग्रामीणों ने प्रभावित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता, मुआवजा और स्थायी पुनर्वास उपलब्ध कराने की मांग की है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। प्रारंभिक तौर पर बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। संबंधित अधिकारियों की जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

