सुल्या-कडबा में बढ़ते आतंक पर विधायक भागीरथी मुरुल्या ने उठाई आवाज
गुंड्या में हाथी शिविर का प्रस्ताव
मेंगलूरु। दक्षिण कन्नड़ जिले के सुल्या और कडबा तालुक में जंगली हाथियों के हमलों से किसान और आम लोग परेशान हैं। हाथियों के आतंक का स्थायी समाधान करने तथा फसलों और लोगों की सुरक्षा के लिए सोलर बाड़ लगाने पर किसानों को 100 प्रतिशत सरकारी अनुदान देने की मांग विधायक भागीरथी मुरुल्या ने की।
जिला पंचायत के नेत्रावती सभागार में सांसद कैप्टन बृजेश चौटा की अध्यक्षता में हुई जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में विधायक भागीरथी ने यह मुद्दा उठाया।
80 हाथियों की पहचान
जिलाधिकारी दर्शन एच.वी. ने कहा कि गुंड्या में हाथी शिविर स्थापित करने के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। सहायक वन अधिकारी ने बताया कि पुत्तूर और सुल्या क्षेत्र में करीब 80 हाथियों की पहचान की गई है। वन विभाग के कर्मचारी चौबीसों घंटे तैनात रहकर हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ रहे हैं।
वर्ष 2026-27 में 19 लोगों को 3.33 लाख रुपए मुआवजा दिया गया है, जबकि 381 लोगों को करीब 73 लाख रुपए का मुआवजा देने के लिए अनुदान की प्रतीक्षा है।
हाथियों को खदेडऩा स्थायी समाधान नहीं
सांसद बृजेश चौटा ने कहा कि हाथियों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर खदेडऩा स्थायी समाधान नहीं है। अधिकारियों को अब तक उठाए गए कदमों और आगे की कार्ययोजना की जानकारी तत्काल उपलब्ध करानी चाहिए।
अक्टूबर तक प्लास्टिक पार्क तैयार करने के निर्देश
सांसद ने गंजिमठ में निर्माणाधीन प्लास्टिक पार्क का शेष कार्य पूरा कर अक्टूबर के अंत तक उद्घाटन के लिए तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत जिले के प्रत्येक कोरगा परिवार को घर उपलब्ध कराने तथा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए गैर-सरकारी संगठनों को भी शामिल करने का सुझाव दिया।
राष्ट्रीय राजमार्ग-66 पर कन्नूर से सुरत्कल तक स्ट्रीट लाइटों का उचित रखरखाव तथा सर्विस रोड का काम तेज करने के निर्देश भी दिए गए।
मेंगलूरु उत्तर में नया रेलवे स्टेशन
बृजेश चौटा ने कहा कि मेंगलूरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास नए रेलवे स्टेशन की स्थापना का प्रस्ताव केंद्रीय रेल मंत्री के समक्ष रखा गया है और उन्होंने सहमति जताई है। स्थान उपलब्ध होने पर न्यू मेंगलूरु नॉर्थ रेलवे स्टेशन शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने अथवा जोकट्टे रेलवे स्टेशन को उन्नत करने का प्रस्ताव तत्काल भेजने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने अमृत भारत योजना के तहत मेंगलूरु जंक्शन और सुब्रह्मण्य स्टेशन के विकास कार्य जल्द पूरा करने को भी कहा।
18.92 एकड़ सुपारी की फसल प्रभावित
बागवानी विभाग के अधिकारी ने कहा कि मौजूदा मानसून में दक्षिण कन्नड़ जिले में 18.92 एकड़ सुपारी की फसल को नुकसान हुआ है। 137 किसानों के लिए करीब 5.6 लाख रुपए मुआवजे की रिपोर्ट तैयार की गई है। जिलाधिकारी दर्शन एच.वी. ने फसल नुकसान झेलने वाले किसानों को अधिक मुआवजा दिलाने पर जोर दिया।
बैठक में विधायक राजेश नाइक, उमानाथ कोट्याणन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नर्वडे, पुलिस अधीक्षक डॉ. अरुण कुमार, डीसीपी मिथुन और मेंगलूरु महानगर निगम आयुक्त राहुल रत्नम पांडे समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

