मेंगलूरु मिनी विधानसौधा में रोज सैकड़ों लोग पहुंच रहे, एक काउंटर से बढ़ी परेशानी
मेंगलूरु। शिक्षा, छात्रवृत्ति, रोजगार, प्रशिक्षण और सरकारी योजनाओं के साथ राशन कार्ड संबंधी कार्यों के लिए जाति एवं आय प्रमाणपत्र की जरूरत बढ़ गई है। लेकिन इन्हें बनवाने के लिए मेंगलूरु में लोगों को घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ रहा है। हंपनकट्टा स्थित मिनी विधानसौधा में रोजाना केवल 50 लोगों को आवेदन का अवसर मिल रहा है, जबकि आवेदन करने वालों की संख्या इससे कई गुना अधिक है।
सुबह से टोकन की कतार
हर दिन सुबह करीब 10 बजे टोकन जारी किए जाते हैं। इनमें 25 लोगों को सुबह और 25 को दोपहर बाद आवेदन का अवसर मिलता है। दूरदराज से आने वाले लोगों को टोकन मिलने तक इंतजार करना पड़ता है। वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं को भी घंटों कतार में खड़े रहने की मजबूरी है।
जाति एवं आय प्रमाणपत्र मेंगलूरु वन, कर्नाटक वन और ग्राम वन केंद्रों से भी प्राप्त किए जा सकते हैं। हालांकि, प्रमाणपत्र में गलती होने पर सुधार के लिए दोबारा कार्यालयों के चक्कर लगाने की आशंका के कारण बड़ी संख्या में लोग तहसील कार्यालय को ही प्राथमिकता दे रहे हैं।
पुराना स्कैनर भी बना अड़चन
आवेदन के साथ आधार, राशन कार्ड और पते समेत विभिन्न दस्तावेज स्कैन कर अपलोड करने पड़ते हैं। तहसील कार्यालय में पुराने स्कैनर से दस्तावेज एक-एक कर स्कैन करने के कारण प्रक्रिया धीमी हो रही है। अधिकारियों के अनुसार, एक साथ कई दस्तावेज स्कैन करने वाला आधुनिक स्कैनर उपलब्ध हो तो काम तेजी से हो सकता है।
प्रमाणपत्र के लिए 20 दिन का इंतजार
आवेदन भरने के बाद ग्राम लेखाकार के हस्ताक्षर की प्रक्रिया पूरी करनी होती है। इसके बाद तहसील कार्यालय में आवेदन जमा किया जाता है। प्रमाणपत्र जारी होने में करीब 20 दिन लग सकते हैं। इसके बाद मोबाइल पर संदेश आने पर प्रमाणपत्र ऑनलाइन प्राप्त किया जा सकता है।
हर काम में जरूरी नहीं प्रमाणपत्र
जिलाधिकारी कार्यालय, मेंगलूरु वन और ग्राम वन केंद्रों से भी प्रमाणपत्र प्राप्त किए जा सकते हैं। कुछ पेंशन संबंधी मामलों में जाति एवं आय प्रमाणपत्र की अनिवार्यता सरकार ने हटा दी है, लेकिन इसकी जानकारी लोगों तक पर्याप्त रूप से नहीं पहुंची है।
–रमेश बाबू, तहसीलदार, मेंगलूरु
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

