10 हजार लोगों का प्रमुख बाजार
जर्जर भवन, जलभराव और बुनियादी सुविधाओं का अभाव
सिद्धापुर (उडुपी)। कुंदापुर तालुक के प्रमुख साप्ताहिक बाजारों में शामिल सिद्धापुर बाजार इन दिनों बुनियादी सुविधाओं के अभाव में बदहाली का शिकार है। आसपास के करीब 8 गांवों के 10 हजार लोगों के लिए यह प्रमुख व्यापारिक केंद्र है, लेकिन यहां व्यापारियों और ग्राहकों को हर सप्ताह अव्यवस्थाओं के बीच खरीद-बिक्री करनी पड़ रही है।
जर्जर भवन ने बढ़ाई चिंता
बाजार का पुराना भवन इतना जर्जर हो चुका है कि कब गिर जाए, इसका डर बना रहता है। छत के पत्थर, लकड़ी के ढांचे और अन्य हिस्से टूट चुके हैं। व्यापारी टूटे ढांचे पर तिरपाल डालकर कारोबार करने को मजबूर हैं। पास में सूखे और खतरनाक पेड़ भी हैं, जिनकी शाखाएं आए दिन टूटकर गिरती रहती हैं।
बारिश में बाजार बन जाता है तालाब
बारिश होते ही बाजार परिसर में पानी भर जाता है और पानी तेज बहाव के साथ बाजार के बीच से गुजरता है। पूरा क्षेत्र कीचड़ में तब्दील हो जाता है। मछली बाजार का पानी भी परिसर में बहता है। सडक़ पर बिछाए गए गिट्टी-पत्थर उखड़ चुके हैं, जिससे लोगों के गिरने का खतरा बना रहता है।
न शौचालय, न पेयजल
बाजार में शौचालय और पेयजल की सुविधा नहीं है। धूप से बचने के लिए छाया और बारिश से सुरक्षा की भी व्यवस्था नहीं है। मजबूरन व्यापारी सडक़ पर दुकानें लगाकर कारोबार करते हैं।
3.85 लाख में नीलामी, फिर भी विकास नहीं
सिद्धापुर ग्राम पंचायत ने इस वर्ष बाजार की नीलामी 3.85 लाख रुपए में की है। बावजूद इसके बाजार की स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। ग्रामसभा में कई बार अव्यवस्थाओं का मुद्दा उठ चुका है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो सका।
एपीएमसी ने नया मछली बाजार भवन बनाया है, फिर भी बुधवार के साप्ताहिक बाजार में कई व्यापारी बाहर ही मछली बेचते हैं।
बारिश में नदी बन जाता है बाजार
व्यापारी राजेंद्र पुजारी बेच्चल्ली का कहना है कि बारिश में बाजार नदी जैसा बन जाता है और जर्जर भवन व खतरनाक पेड़ों के बीच व्यापारी जान जोखिम में डालकर कारोबार करने को मजबूर हैं।
अनुदान की मांग
बाजार के विकास के लिए पश्चिमी घाट विकास योजना, तटीय प्राधिकरण और तालुक पंचायत से अनुदान की मांग की गई है।
–नागेंद्र, पीडीओ, सिद्धापुर ग्राम पंचायत
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

