ड्रग्स माफिया पर लगेगा गुंडा एक्ट, चाकूबाजी रोकने के लिए बनेगी विशेष स्क्वॉड; ट्रैफिक सुधार पहली प्राथमिकता
हुब्बल्ली: वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भूषण जी. बोरसे ने गुरुवार को हुब्बल्ली-धारवाड़ पुलिस कमिश्नरेट के नए पुलिस आयुक्त के रूप में विधिवत पदभार संभाल लिया है। कमिश्नरेट कार्यालय पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जिसके बाद निवर्तमान आयुक्त एन. शशिकुमार ने उन्हें आधिकारिक प्रभार सौंपा। इस दौरान डीसीपी श्रुति एन.एस. सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में नए कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ अपराध मुक्त शहर उनका मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि बेंगलूरु के बाद हुब्बल्ली-धारवाड़ राज्य का सबसे प्रमुख महानगर है, इसलिए यहां सुरक्षा व्यवस्था बेहद मजबूत रखी जाएगी।
नई कार्ययोजना और मुख्य प्राथमिकताएं:
ड्रग्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई: नशीले पदार्थों के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए तस्करों पर ‘गुंडा एक्ट’ और जिलाबदर जैसी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एंटी-स्टैबिंग स्क्वॉड: बेलगावी की तर्ज पर चाकूबाजी और हिंसक घटनाओं पर नकेल कसने के लिए विशेष ‘एंटी-स्टैबिंग स्क्वॉड’ का गठन होगा।
स्मार्ट ट्रैफिक प्रबंधन: यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए आईआईटी और स्थानीय इंजीनियरिंग कॉलेजों के तकनीकी विशेषज्ञों की मदद ली जाएगी। भीड़भाड़ वाले पीक आवर्स में चालान काटने के बजाय यातायात को सुचारू बनाने पर जोर रहेगा।
सुरक्षा व्यवस्था: महिला व बाल सुरक्षा और बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष निगरानी तंत्र विकसित किया जाएगा।
आयुक्त बोरसे ने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों से पुलिस पूरी सख्ती से निपटेगी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

