निकम प्रकाश अमृत ने संभाला कार्यभार
राजनीतिक चर्चाओं और अटकलों पर लगा विराम; गणेशोत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना होगी मुख्य चुनौती
बेलगावी: बेलगावी शहर के पुलिस आयुक्त पद को लेकर पिछले कुछ दिनों से जारी असमंजस और सियासी चर्चाओं पर आखिरकार विराम लग गया है। 2012 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी निकम प्रकाश अमृत ने गुरुवार, 3 सितंबर को बेलगावी के नए पुलिस कमिश्नर (डीआईजी) के रूप में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। निवर्तमान आयुक्त भूषण गुलाबराव बोरसे ने उन्हें विधिवत प्रभार सौंपा।
राज्य सरकार द्वारा 29 अगस्त को जारी तबादला सूची के तहत तत्कालीन कमिश्नर भूषण बोरसे को हुब्बल्ली-धारवाड़ का पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया था, जबकि उनकी जगह निकम प्रकाश को बेलगावी की कमान सौंपी गई थी। हालांकि, आदेश जारी होने के बाद राजनीतिक गलियारों में इस बात को लेकर हलचल तेज हो गई थी कि यह फैसला जिला प्रभारी मंत्री सतीश जारकीहोली को विश्वास में लिए बिना लिया गया है।
आगामी गणेशोत्सव व अन्य त्योहारों को देखते हुए इस तबादले पर अस्थायी रोक लगने की अफवाहें भी उड़ीं, लेकिन निकम प्रकाश के कार्यभार संभालते ही इन तमाम अटकलों का अंत हो गया।
सामने हैं बड़ी चुनौतियां:
त्योहारों में शांति व्यवस्था: संवेदनशील माने जाने वाले बेलगावी शहर में गणेशोत्सव और आगामी प्रमुख त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था और सौहार्द बनाए रखना नए आयुक्त की पहली परीक्षा होगी।
सख्त पुलिसिंग: शहर में अपराध नियंत्रण, कड़े सुरक्षा बंदोबस्त और संवेदनशील इलाकों में निगरानी तंत्र को मजबूत करने की दिशा में नए कदम उठाए जाने की उम्मीद है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

