30 सितम्बर तक पूरी करनी होगी प्रक्रिया, दस्तावेज तय
चिक्कमगलूरु। आहार, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता विभाग ने सभी राशन कार्डधारकों के लिए इ-केवाइसी प्रक्रिया को अनिवार्य कर दिया है। विभाग के उपनिदेशक योगानंद ने स्पष्ट किया है कि जिन लाभार्थियों ने पांच वर्ष पूर्व इ-केवाइसी कराया था, उन्हें भी यह प्रक्रिया पुन: पूरी करनी होगी। इसके लिए अंतिम तिथि 30 सितम्बर तय की गई है।
न्यायसंगत मूल्य दुकानों पर नि:शुल्क सुविधा
लाभार्थियों की सुविधा के लिए इ-केवाइसी की व्यवस्था नजदीकी न्यायसंगत मूल्य (राशन) दुकानों (फेयर प्राइस शॉप) पर की गई है। यह प्रक्रिया पूरी तरह नि:शुल्क है और केवल अधिकृत राशन दुकानों पर ही उपलब्ध होगी।
जरूरी दस्तावेज
प्रक्रिया पूरी करने के लिए लाभार्थियों को राशन कार्ड, परिवार के सभी सदस्यों के पहचान/सत्यापन दस्तावेज, संबंधित मोबाइल नंबर, जाति प्रमाण पत्र, एलपीजी गैस कनेक्शन पासबुक आदि दस्तावेज साथ लाने होंगे।
तकनीकी समस्या पर यह है विकल्प
यदि फिंगरप्रिंट (बायोमेट्रिक) मिलान में कोई समस्या आती है, तो पुन: प्रयास किया जा सकता है। बार-बार विफल होने की स्थिति में लाभार्थी संबंधित केंद्र पर अपना बायोमेट्रिक विवरण अद्यतन (अपडेट) करवाकर 15 दिनों के बाद दोबारा इ-केवाइसी करा सकते हैं।
पारदर्शिता और उद्देश्य
इ-केवाइसी का मुख्य उद्देश्य राशन प्रणाली में पारदर्शिता लाना है। इससे मृत व्यक्तियों के नाम सूची से हटाना, स्थानांतरित लोगों के नाम रद्द करना और नए पात्र सदस्यों को जोडऩा आसान होगा। साथ ही, फर्जी और नकली लाभार्थियों की पहचान कर राशन वितरण व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया जाएगा।
सुरक्षा अलर्ट: न करें ओटीपी साझा
विभाग ने नागरिकों को सतर्क करते हुए स्पष्ट किया है कि किसी भी संदिग्ध कॉल या व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी साझा न करें। सरकारी अधिकारी फोन पर कभी भी ओटीपी नहीं मांगते हैं।
चिक्कमगलूरु जिले की स्थिति
चिक्कमगलूरु जिले में कुल 5,06,101 लाभार्थियों के लिए यह प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य है। इसमें अज्जमपुर, चिक्कमगलूरु, कडूर, कळसा, कोप्पा, मूडिगेरे, नरसिंहराजपुर, श्रंगेरी और तरिकेरे तालुकों के सभी एएवाइ एवं पीएचएच राशन कार्डधारक शामिल हैं। सभी को 30 सितम्बर से पूर्व इ-केवाइसी कराने के निर्देश दिए गए हैं।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

