भाजपा की पदयात्रा के जवाब में कांग्रेस की शक्ति प्रदर्शन की तैयारी
50 हजार लोगों को जुटाने का लक्ष्य
बल्लारी। बल्लारी शहर के एसपी सर्कल में महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा के अनावरण को राज्य मंत्रिमंडल ने हरी झंडी दे दी है। कांग्रेस इस कार्यक्रम को भव्य रूप देने की तैयारी में जुट गई है। भाजपा की ओर से रायचूर से बल्लारी तक निकाली जा रही पदयात्रा के 10 सितंबर को बल्लारी पहुंचने के बीच प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
भाजपा वाल्मीकि निगम घोटाले सहित राज्य सरकार की विभिन्न नीतियों के विरोध में पदयात्रा निकाल रही है। ऐसे में कांग्रेस द्वारा वाल्मीकि प्रतिमा अनावरण को बड़े जनसमूह के साथ आयोजित करने की तैयारी को भाजपा की पदयात्रा के राजनीतिक जवाब के तौर पर देखा जा रहा है। कांग्रेस की ओर से करीब 50 हजार से अधिक लोगों को जुटाने की तैयारी है। कार्यक्रम की तारीख जल्द तय किए जाने की संभावना है।
वाल्मीकि निगम घोटाले के बाद बढ़ी सियासी तल्खी
वाल्मीकि निगम में कथित वित्तीय अनियमितताओं का मामला सामने आने के बाद बल्लारी जिले में कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक टकराव तेज हुआ है। दोनों दलों के नेता लगातार एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। पूर्व मंत्री एवं ग्रामीण विधायक बी. नागेंद्र के मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद यह राजनीतिक खींचतान और बढ़ गई।
अब कांग्रेस महर्षि वाल्मीकि प्रतिमा अनावरण समारोह को बड़े पैमाने पर आयोजित कर अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार समेत मंत्रिमंडल के कई सदस्यों के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
बैनर विवाद की कड़वी यादें भी ताजा
प्रतिमा अनावरण को लेकर जनवरी 2026 में बैनर लगाने के मुद्दे पर कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता राजशेखर की निजी सुरक्षा कर्मी की गोली लगने से मौत हो गई थी। घटना के बाद विधायक नारा भरत रेड्डी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गंगावती विधायक गाली जनार्दन रेड्डी ने भी आवाज उठाई थी। इस मामले ने दोनों दलों के बीच राजनीतिक बयानबाजी को और तीखा कर दिया था।
बैनर विवाद को लेकर ब्रूसपेट पुलिस थाने में छह मामले दर्ज किए गए थे। पुलिस ने गनमैन गुरूचरण सिंह, बलजीत सिंह और महेंद्र सिंह सहित कांग्रेस के 10 तथा भाजपा के 11 कार्यकर्ताओं समेत कुल 26 लोगों को गिरफ्तार किया था। बाद में अदालत ने 25 आरोपियों को जमानत दे दी थी।
वाल्मीकि निगम में कथित धन के अवैध हस्तांतरण, बी. नागेंद्र के मंत्री पद से इस्तीफे और बैनर विवाद समेत कई घटनाओं ने बल्लारी की राजनीति को राज्य स्तर पर चर्चा में ला दिया है। अब प्रतिमा अनावरण समारोह एक बार फिर जिले में बड़े राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन का मंच बनता दिखाई दे रहा है।
मुख्यमंत्री शामिल होंगे।
बल्लारी शहर के विधायक नारा भरत रेड्डी ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा का अनावरण भव्य स्तर पर किया जाएगा। 50 हजार से अधिक लोगों की भागीदारी के साथ अर्थपूर्ण समारोह आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री कार्यक्रम में शामिल होंगे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

