हॉमो फाबर प्रदर्शनी में बीदर के कलाकार का कमाल
बीदर। कर्नाटक की अद्वितीय बिदरी कला को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मान मिला है। बीदर के बिदरी कलाकार मोहम्मद अब्दुल बारी ने इटली के वेनिस में आयोजित हॉमो फाबर 2026 हस्तकला प्रदर्शनी में भारत का प्रतिनिधित्व किया।
वैश्विक मंच पर बिदरी कला
1 से 6 सितम्बर तक आयोजित इस प्रदर्शनी में 70 से अधिक देशों के 500 से ज्यादा कलाकारों ने भाग लिया था। 700 से अधिक हस्तकला वस्तुओं के बीच बीदर की बिदरी कला ने दर्शकों का मन मोह लिया। अब्दुल बारी ने बताया कि उनकी कलाकृतियों को देखकर विदेशी दर्शक बेहद प्रभावित हुए और भारतीय कला की सराहना की।
पांच पीढिय़ों की परंपरा
अब्दुल बारी ने कहा कि उनके परिवार में पांच पीढिय़ों से बिदरी कला का कार्य होता आ रहा है। उनके पिता दिवंगत मोहम्मद अब्दुल रऊफ जर्मनी, अमरीका, दुबई और चीन सहित कई देशों में प्रदर्शनी कर चुके थे और उन्हें राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर पुरस्कार भी मिले थे। उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए अब्दुल बारी ने भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन किया।
भारत से अकेले प्रतिनिधि
भारत से कुछ अन्य कलाकारों का भी चयन हुआ था, लेकिन वीज़ा समस्या के कारण वे इटली नहीं जा सके। ऐसे में अब्दुल बारी को अकेले भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला। उन्होंने इसे अपने जीवन का गौरवपूर्ण क्षण बताया।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

