14 सितंबर सुबह 6 से 8 बजे तक स्थापना, 16 को एक घंटे में निकालना होगा विसर्जन जुलूस
हुब्बल्ली। शहर के ईदगाह मैदान में गणेश प्रतिमा स्थापना को लेकर इस वर्ष भी हुब्बल्ली-धारवाड़ महानगर निगम ने रानी चन्नम्मा मैदान गजानन उत्सव महामंडल को सशर्त अनुमति दी है। प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी तीन दिवसीय गणेशोत्सव आयोजित किया जाएगा।
महानगर निगम ने स्पष्ट किया है कि प्रतिमा स्थापित करने से पहले उत्सव समिति को हुब्बल्ली-धारवाड़ पुलिस आयुक्त की अनुमति लेना अनिवार्य होगा। नगर निगम, पुलिस और राजस्व विभाग की ओर से निर्धारित स्थान पर अधिकतम 30 गुणा 30 फीट का पंडाल लगाया जा सकेगा।
विसर्जन जुलूस के लिए भी समय तय
शर्तों के अनुसार 14 सितंबर को सुबह 6 से 8 बजे के बीच गणेश प्रतिमा की स्थापना करनी होगी। वहीं 16 सितंबर को दोपहर 12 बजे से पहले पुलिस विभाग द्वारा निर्धारित मार्ग से विसर्जन जुलूस शुरू करना होगा और इसे एक घंटे के भीतर पूरा करना होगा।
विवादित सामग्री, डीजे और पटाखों पर रोक
मैदान में किसी भी तरह के झंडे, विवादित या भडक़ाऊ फोटो, पोस्टर, बैनर और बंटिंग लगाने या प्रदर्शित करने पर रोक रहेगी। परिसर में पटाखे फोडऩे की अनुमति नहीं होगी। भडक़ाऊ गीत या डीजे का इस्तेमाल भी प्रतिबंधित रहेगा।
इसके अलावा ऐसे भाषण या मनोरंजन कार्यक्रम नहीं किए जा सकेंगे, जिनसे किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचे। पंडाल में व्यावसायिक अथवा अन्य विज्ञापन प्रदर्शित करने पर भी रोक रहेगी।
उत्सव के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना या विवाद होने पर उसकी पूरी जिम्मेदारी लेने संबंधी लिखित शपथ-पत्र प्रस्तुत करने की शर्त पर नगर निगम ने अनुमति दी है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

