शहर की बदहाली पर विधायक ने अफसरों को लगाई फटकार
यातायात व्यवस्था सुधारने के साथ गंदगी और नालियों की सफाई पर जोर
गांजा तस्करी पर भी सख्ती के दिए निर्देश
हुब्बल्ली। शहर में बढ़ती यातायात समस्या, सडक़ किनारे कचरे के ढेर और गांजे के बढ़ते कारोबार को लेकर विधायक प्रसाद अब्बय्या ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
शहर के सर्किट हाउस में आयोजित हुब्बल्ली-धारवाड़ पूर्व विधानसभा क्षेत्र की प्रगति समीक्षा बैठक में विधायक ने विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा की।
विधायक ने कहा कि फुटपाथ पर अतिक्रमण, सडक़ों पर कब्जे और सडक़ किनारे बेतरतीब वाहन पार्किंग के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यातायात पुलिस को अतिक्रमण हटाकर सुगम यातायात सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सडक़ किनारे कचरे के ढेर पर नाराजगी
अब्बय्या ने शहर में नियमित कचरा उठाव नहीं होने और नालियों की ठीक से सफाई नहीं किए जाने पर भी अधिकारियों को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि सडक़ किनारे जमा कचरा न केवल शहर की सुंदरता बिगाड़ रहा है, बल्कि सफाई व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहा है। नियमित कचरा उठाव और नालियों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गैरहाजिर सफाईकर्मियों पर कार्रवाई
कुछ सफाईकर्मियों के ड्यूटी से अनुपस्थित रहने और जिम्मेदारी से काम नहीं करने की शिकायतों पर विधायक ने हुब्बल्ली-धारवाड़ महानगर निगम आयुक्त को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूर्व विधानसभा क्षेत्र में 90 से अधिक सफाईकर्मी अभी भी बायोमेट्रिक हाजिरी व्यवस्था के दायरे में नहीं हैं। इन सभी की हाजिरी अनिवार्य करने और अधिकारियों को नियमित निगरानी के निर्देश दिए।
‘गांजे के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं?’
मंटूर रोड स्थित हरिश्चंद्र श्मशान, पुरानी हुब्बल्ली के इब्राहिमपुर, कोळकर प्लॉट, एस.एम. कृष्णा नगर और नेकार नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में गांजे की बढ़ती गतिविधियों पर विधायक ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों से सवाल किया कि गांजे की समस्या रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है? उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
24 गुणा 7 पेयजल योजना जल्द पूरी करने पर जोर
विधायक ने 24 गुणा 7 पेयजल योजना के काम में तेजी लाकर इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूर्व विधानसभा क्षेत्र के केंपगेरी, तबीबलैंड सहित कई इलाकों में ऊंचे जलाशयों का निर्माण हो चुका है। इनकी प्रायोगिक जांच कर निरंतर जलापूर्ति योजना को लागू करने की दिशा में कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में महानगर निगम आयुक्त रुद्रेश घाली, उप आयुक्त (विकास) विजयकुमार आर., तहसीलदार महेश गस्ते और यातायात विभाग के एसीपी वीरेश सहित कई अधिकारी मौजूद थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

