पुलिस पर महिला को करंट देने का आरोप
शिग्गावी की महिला का दावा—पूछताछ के नाम पर घंटों थाने में रखा
हाथ और सिर में बिजली का झटका देने का आरोप
अस्पताल में चल रहा इलाज
हावेरी। शिग्गावी तालुक के शिडलापुर गांव की एक महिला ने बंकापुर थाना पुलिस पर चोरी के मामले की पूछताछ के दौरान प्रताडि़त करने और बिजली का झटका देने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला फिलहाल हावेरी जिला अस्पताल में उपचाराधीन है। जिला पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच शिग्गावी डीवाईएसपी को सौंपकर रिपोर्ट मांगी है।
पीडि़ता नीलव्वा मल्लप्पा वालीकार का आरोप है कि पुलिस उस पर सोने की चोरी कबूल करने का दबाव बना रही थी। आरोप के अनुसार, उससे घर बेचकर चोरी हुए सोने की भरपाई करने के लिए भी कहा गया। उसने चोरी से इनकार किया तो 13 सितंबर को उसे और एक अन्य महिला को बंकापुर थाने बुलाया गया, जहां रात करीब 10 बजे तक रखा गया।
करंट दिया, शरीर में ऐंठन होने लगी
नीलव्वा ने आरोप लगाया कि चोरी कबूल नहीं करने पर बैटरी जैसे उपकरण से उसके हाथ और सिर के पास बिजली का झटका दिया गया। इससे उसके शरीर में ऐंठन होने लगी। महिला के मुताबिक, उसने पुलिसकर्मियों से प्रताडि़त नहीं करने और उसे मार डालने तक की गुहार लगाई।
उसने पुलिस पर अपने पति को भी धमकाने का आरोप लगाया। पति मल्लप्पा के अनुसार, पुलिस ने उनसे पत्नी से चोरी कबूल करवाने के लिए कहा था। उन्होंने चोरी नहीं करने पर कबूल करने से इनकार किया तो उन्हें भी बिजली का झटका देने की धमकी दी गई।
क्या है पूरा मामला?
नीलव्वा के अनुसार, श्रावण माह में गांव के नागराज सुंकद के घर वरमहालक्ष्मी पूजा थी। घर की महिलाओं के निमंत्रण पर वह 11 अन्य लोगों के साथ वहां गई थी। दोपहर करीब 12 बजे पूजा के बाद वह घर लौट आई। करीब तीन घंटे बाद सुंकद परिवार ने सोने की चेन चोरी होने की जानकारी दी और पुलिस को बुलाया गया।
पुलिस ने वहां मौजूद सभी 11 लोगों से पूछताछ की। इसके बाद नीलव्वा और गौरम्मा को 13 सितंबर को बंकापुर थाने बुलाया गया।
डीवाईएसपी करेंगे जांच
जिला पुलिस अधीक्षक यशोदा वंटगोडी ने पुलिस के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश शिग्गावी डीवाईएसपी को दिए हैं।
एक पुलिस अधिकारी ने आरोपों पर कहा कि मामले में कुछ तथ्य स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस का कहना है कि बिजली का झटका नहीं दिया गया। अधिकारी के अनुसार सभी पहलुओं से जानकारी जुटाकर जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
पीडि़ता के बेटे हनुमंत ने आरोप लगाया कि उसकी मां को कथित तौर पर प्रताडि़त कर अस्वस्थ हालत में घर भेज दिया गया और इलाज की व्यवस्था भी नहीं की गई। उसने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

