गजानन महामंडल के सम्मान समारोह में समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए हुआ अभिनंदन
हुब्बल्ली। समाजसेवा केवल जरूरतमंद की मदद तक सीमित नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और समर्पण का भाव है। इसी सेवा भावना को सम्मान देने के उद्देश्य से गजानन महामंडल, हुब्बल्ली की ओर से हुब्बल्ली सेवारत्न प्रशस्ति समारोह-2026 का आयोजन सवाई गंधर्व कला मंदिर में किया गया। समारोह में समाजसेवा, जनकल्याण और सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सेवाभावी व्यक्तित्वों का सम्मान किया गया।
समारोह में ऑल इंडिया जैन यूथ फेडरेशन महावीर लिम्ब सेंटर के संस्थापक अध्यक्ष एवं समाजसेवी महेंद्र एच. सिंघी तथा भारतीय जैन संगठना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गौतम बाफना को उनके सामाजिक योगदान के लिए हुब्बल्ली सेवारत्न प्रशस्ति प्रदान की गई।
महेंद्र एच. सिंघी लंबे समय से सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों से जुड़े हैं। उनके नेतृत्व में महावीर लिम्ब सेंटर दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराकर उन्हें चलने-फिरने और आत्मनिर्भर बनने में सहयोग कर रहा है। इस सेवा के माध्यम से अनेक जरूरतमंदों के जीवन में आत्मविश्वास और आत्मसम्मान की नई राह बनी है।

गौतम बाफना भारतीय जैन संगठना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में सामाजिक जागरूकता, संगठनात्मक गतिविधियों और समाजहित के विभिन्न कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
समारोह में मूरुसाविर मठ के गुरुसिध्दराजयोगीन्द्र महास्वामी का सान्निध्य एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ। विश्व हिंदू परिषद के गोपाल राव मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
आयोजकों ने कहा कि समाज के लिए समय, श्रम और संसाधन समर्पित करने वाले व्यक्तित्वों का सम्मान नई पीढ़ी को सेवा कार्यों के लिए प्रेरित करता है। ऐसे आयोजन सेवा की संस्कृति को मजबूत करते हुए सेवा से समाज, समाज से राष्ट्र की भावना को आगे बढ़ाते हैं।
समारोह में स्वर्णा ग्रुप ऑफ कंपनीज के प्रबंध निदेशक डॉ. वीएसवी ुप्रसाद, गोविंद जोशी, नंदकुमार समेत सामाजिक, धार्मिक एवं विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

