चार महीने बाद फिर गुलजार हुआ मलपे बीचमलपे बीच।

सुरक्षा बैरिकेड हटे, वाटर स्पोर्ट्स शुरू

सेंट मैरी आइलैंड के लिए भी बोट सेवा बहाल

उडुपी। मानसून के दौरान समुद्र में बढ़े उफान के कारण चार महीने तक सुरक्षा घेरे में रहा मलपे बीच अब एक बार फिर पर्यटकों के लिए खुल गया है। 17 सितंबर को समुद्र में उतरने से रोकने के लिए लगाए गए बैरिकेड हटा दिए गए। इसके साथ ही शुक्रवार से विभिन्न वाटर स्पोर्ट्स और सेंट मैरी आइलैंड के लिए बोट सेवा भी शुरू हो गई।

मानसून में समुद्र की तेज लहरों को देखते हुए पर्यटकों की सुरक्षा के लिए हर साल करीब चार महीने तक विशेष इंतजाम किए जाते हैं। समुद्र तट से करीब 20 फीट दूरी पर लगभग 10 फीट ऊंची फिशनेट बैरिकेडिंग की जाती है। इसके हटने के बाद अब पर्यटकों को समुद्र तट तक जाने की अनुमति मिल गई है।

जेटस्की से पैरासेलिंग तक रोमांच

शुक्रवार से मलपे बीच पर जेटस्की राइड, पैरासेलिंग, बनाना राइड, एटीवी सैंड बाइक, डिस्को बोट राइड, बम्पी राइड, जोरबिंग और बोट राउंड जैसी गतिविधियां शुरू हो गईं। पर्यटकों की सुरक्षा के लिए लाइफगार्ड और पर्यटन मित्रों की तैनाती की गई है।

सेंट मैरी आइलैंड भी खुला

मानसून के कारण सेंट मैरी आइलैंड पर चार महीने से लागू प्रवेश प्रतिबंध भी समाप्त हो गया। शुक्रवार से द्वीप के लिए बोट सेवा शुरू कर दी गई। सी-वॉक और बीच के पास स्पीड बोट भी तैयार हैं। जिला प्रशासन के सहयोग से स्काउट और एनएसएस विद्यार्थियों ने द्वीप पर उगी झाडिय़ों की सफाई भी की है।

पर्यटन लौटा, पर कचरा जस का तस

मलपे बीच के खुलने के साथ ही यहां की सफाई व्यवस्था सवालों के घेरे में है। बीच से सी-वॉक तक कई जगह प्लास्टिक कचरा और अन्य अपशिष्ट फैला हुआ है। जगह-जगह रखे कूड़ेदान भर चुके हैं और उनके आसपास भी कचरा बिखरा पड़ा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार रात में कुछ लोग समुद्र तट पर बीयर की बोतलें और प्लास्टिक थैलियां छोड़ जाते हैं, जबकि कुछ पर्यटक भी प्लास्टिक बोतलें रेत पर फेंककर चले जाते हैं। नियमित कचरा उठाव नहीं होने से आवारा श्वानों और मच्छरों की समस्या भी बढ़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब डेढ़ साल से सफाई व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।

हजारों पर्यटकों को आकर्षित करने वाले मलपे बीच की सुंदरता और पर्यटन अनुभव को बनाए रखने के लिए अब नियमित सफाई और कचरा प्रबंधन पर तत्काल ध्यान देने की जरूरत है।

पर्यटन मित्र तैनात किए

बीच की बैरिकेडिंग हटा दी गई है और पर्यटकों को प्रवेश की अनुमति दे दी गई है। सेंट मैरी आइलैंड, वाटर स्पोर्ट्स और अन्य गतिविधियों को भी अनुमति दी गई है। पर्यटकों की सुरक्षा के लिए लाइफगार्ड और पर्यटन मित्र तैनात किए गए हैं।
कुमार सी.यू., सहायक निदेशक, पर्यटन विभाग

 

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?

अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें

हर खबर सबसे पहले

Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *