कैबिनेट का फैसला: 195 नए स्वास्थ्य कर्मियों की होगी भर्ती, अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों से लैस होगा अस्पताल
दक्षिण कन्नड़ सहित 10 से अधिक पड़ोसी जिलों और केरल के मरीजों को मिलेगा सीधा लाभ
वर्तमान में 1088 बेड पर चल रहा था अस्पताल
दो चरणों में क्षमता बढ़ाकर 1400 के पार ले जाने की तैयारी
मेंगलूरु। दक्षिण कन्नड़ सहित आसपास के कई जिलों के लाखों गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए जीवनरेखा माने जाने वाले मेंगलूरु स्थित सरकारी वेनलॉक अस्पताल के दिन अब अच्छे दिन आने वाले हैं। मेंगलूरु में आयोजित राज्य कैबिनेट की बैठक में अस्पताल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और इसे क्षेत्रीय स्तर के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के रूप में उन्नत करने के लिए 200 नए बेड, 195 चिकित्साकर्मियों के पद तथा अत्याधुनिक उपकरणों की आपूर्ति को औपचारिक मंजूरी दे दी गई है।
क्षेत्रीय अस्पताल की तरह सेवाएं दे रहे वेनलॉक अस्पताल में रोजाना पड़ोसी जिलों—उडुपी, उत्तर कन्नड़, चिक्कमगलूरु, हासन, कोडगु—के अलावा केरल के कासरगोड से भी सैकड़ों गंभीर मरीज पहुंचते हैं। लंबे समय से चल रही क्षमता विस्तार की मांग को सरकार की इस मंजूरी से नई दिशा मिली है।
मरीजों के भारी दबाव से मिलेगी मुक्ति
अस्पताल की स्वीकृत क्षमता वर्तमान में 905 बेड की है, लेकिन मरीजों के भारी दबाव के चलते यहां 1,088 बेड संचालित किए जा रहे हैं। हाल ही में बने क्रिटिकल केयर ब्लॉक में 50 बेड और एमआरपीएल के सहयोग से तैयार हो रहे सीएसएसडी वार्ड में 74 बेड जोड़े जा रहे हैं, जिससे क्षमता 1,212 हो रही थी। अब कैबिनेट द्वारा मंजूर 200 नए बेड जुडऩे से यह संख्या 1,412 तक पहुंच जाएगी। सरकार ने दूसरे चरण में अतिरिक्त 200 बेड और बढ़ाने का मौखिक आश्वासन भी दिया है।
गंभीर मरीजों के लिए 50 नए आइसीयू बेड संजीवनी
वेनलॉक में सबसे बड़ी चुनौती आइसीयू और वेंटिलेटर बेड की कमी को लेकर आ रही थी। कैबिनेट के फैसले के तहत मिलने वाले 200 बेड में से 50 बेड आइसीयू के होंगे (जिनमें 30 वेंटिलेटर और 20 स्टेप-डाउन बेड शामिल हैं)। 10 बेड इमरजेंसी (आपातकालीन) वार्ड के लिए आरक्षित रहेंगे। 140 बेड जनरल वार्ड में लगाए जाएंगे। इन सभी 200 बेडों की व्यवस्था नए ओपीडी ब्लॉक में की जाएगी।
195 नए डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की तैनाती
अस्पताल की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए मानव संसाधन की कमी को भी दूर किया गया है। सरकार ने अस्पताल के लिए 195 नए पदों को मंजूरी दी है, जिनमें 115 स्टाफ नर्स, विशेषज्ञ डॉक्टर और पैरामेडिकल व सहायक स्टाफ शामिल हैं। इससे मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सकेगा।
सुपर स्पेशियलिटी की दिशा में बड़ा कदम
हमारा लक्ष्य वेनलॉक अस्पताल के सभी विभागों को सुपर स्पेशियलिटी स्तर पर अपग्रेड करना है। कैबिनेट से मिले 200 नए बेड (विशेषकर 50 आइसीयू बेड) और 195 कर्मियों की तैनाती से तटीय व सीमावर्ती जिलों के गंभीर मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
–डॉ. शिवप्रकाश डी.एस., चिकित्सा अधीक्षक, सरकारी वेनलॉक अस्पताल
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

