हाइड्रो ट्रीटिंग यूनिट में परीक्षण के दौरान धमाका
जोकट्टे समेत आसपास के इलाकों में दहशत
मेंगलूरु। जोकट्टे स्थित मेंगलूरु रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (एमआरपीएल) के हाइड्रो ट्रीटिंग यूनिट में बुधवार दोपहर परीक्षण के दौरान जोरदार विस्फोट हुआ। हादसे में एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि नौ श्रमिक घायल हुए हैं। जिला प्रशासन के अनुसार आग पर काबू पा लिया गया है।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय मनीष के तौर पर की गई है। सुरत्कल निवासी राजेश करीब 35 प्रतिशत झुलसा है और श्रीनिवास अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। अन्य घायलों को एजी अस्पताल, एमआरपीएल अस्पताल समेत विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
शिफ्ट बदलने से टला बड़ा हादसा
बताया गया कि दोपहर करीब 12.15 बजे यूनिट में परीक्षण चल रहा था, तभी अचानक विस्फोट हो गया। सुबह 11.30 बजे शिफ्ट बदलने के कारण कई कर्मचारी यूनिट से बाहर निकल चुके थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पनंबूर, कावूर, सुरत्कल और जोकट्टे के आसपास के इलाकों में घरों में कंपन महसूस हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही पांच दमकल वाहन, एसडीआरएफ और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। पुलिस आयुक्त सुधीर कुमार रेड्डी और जिला पंचायत सीइओ नरवडे विनायक कारभारी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी दर्शन एच.वी. ने बताया कि आग नियंत्रण में है और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। जिला प्रभारी मंत्री यू.टी. खादर ने भी कहा कि स्थिति नियंत्रण में है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

