फॉर्म-7 मामले में दर्ज एफआइआर वापस लेने की मांग
थाने के घेराव की कोशिश पर नेता-कार्यकर्ता हिरासत में
बल्लारी। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) में फॉर्म-7 के इस्तेमाल को लेकर बल्लारी में राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। भाजपा नेताओं के खिलाफ दर्ज एफआइआर वापस लेने की मांग को लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सोमवार को रॉयल सर्कल के पास प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि फॉर्म-7 के तहत मतदाताओं के नामों पर आपत्ति या पात्रता की जांच का अनुरोध करना चुनावी प्रक्रिया का हिस्सा है। उनका दावा था कि किसी मतदाता का नाम अवैध रूप से हटाने की सिफारिश नहीं की गई। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल नायडू और पुलिस अधीक्षक जाह्नवी के बीच तीखी बहस भी हुई।
भाजपा नेताओं के अनुसार, एसआइआर के तहत 7,561 मतदाताओं की पात्रता की जांच का अनुरोध किया गया था। कांग्रेस नेताओं ने इसे मतदाता सूची से नाम हटाने का प्रयास बताते हुए आपत्ति जताई। इसी विवाद में भाजपा के बीएलए-1 मोत्कर श्रीनिवास के खिलाफ मामला दर्ज होने की बात सामने आई है।
प्रदर्शनकारी ब्रूसपेट पुलिस थाने का घेराव करने आगे बढ़े, जिन्हें पुलिस ने रोक दिया। इस दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। मामले को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

