गरीब परिवारों पर बढ़ रहा आर्थिक बोझ
हुब्बल्ली। धारवाड़ जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब बिक्री का जाल फैलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। किराना दुकानों, घरों, होटलों, चाय की दुकानों और छोटी गुमटियों में शराब उपलब्ध होने के आरोप हैं। कलघटगी और नवलगुंद तालुक के कई गांवों के साथ धारवाड़ तालुक के लक्मापुर, यादवाड़, शिबारगट्टी, मंगलगट्टी और मुळमुत्तल सहित आसपास के गांवों में भी यह कारोबार चलने की बात कही जा रही है।
दिहाड़ी का बड़ा हिस्सा शराब में
ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि 300-400 रुपए प्रतिदिन कमाने वाले कई मजदूर अपनी आय का बड़ा हिस्सा शराब पर खर्च कर देते हैं। इससे घर का खर्च और बच्चों की पढ़ाई का खर्च जुटाना मुश्किल हो रहा है। महिलाओं ने गांवों में चल रहे अवैध शराब के ठिकानों पर कार्रवाई की मांग की है।
हुब्बल्ली-धारवाड़ में भी शिकायतें
हुब्बल्ली-धारवाड़ महानगर क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री से जुड़े मामले विभिन्न थानों में सामने आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस और आबकारी विभाग को इसकी जानकारी होने के बावजूद प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है।
प्रभावशाली लोगों के दबाव का आरोप
एक पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर आरोप लगाया कि कार्रवाई के बाद कुछ गांवों के प्रभावशाली लोग आरोपियों को बचाने के लिए दबाव डालते हैं। इससे अवैध शराब कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने में कठिनाई आती है।
सूचना मिलते ही कार्रवाई
सूचना मिलने पर पुलिस कार्रवाई कर शराब जब्त करने और मामले दर्ज करने का काम लगातार कर रही है। ग्रामीण किसी गांव में अवैध बिक्री की ठोस जानकारी पुलिस को दें तो कार्रवाई कर इसे रोकने में मदद मिलेगी।
–गुंजन आर्य, जिला पुलिस अधीक्षक, धारवाड़
दंड और मामले दर्ज करने की प्रक्रिया जारी
अवैध शराब बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए जांच तेज की गई है। दंड लगाने और मामले दर्ज करने की प्रक्रिया लगातार जारी है।
–रमेशकुमार, उप आयुक्त, आबकारी विभाग
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
