हाईवे बन गया, रास्ता बताने वाले बोर्ड गायबमाणि राष्ट्रीय राजमार्ग पर मार्गदर्शन के अभाव में वाहन चालकों को हो रही परेशानी।

माणि में मार्गदर्शन के अभाव में भटक रहे वाहन चालक

गलत दिशा में लौटने से बढ़ा हादसों का खतरा

बंटवाल (दक्षिण कन्नड़)। बीसी रोड-अड्डहोले राष्ट्रीय राजमार्ग विस्तार परियोजना का काम लगभग पूरा होने के बावजूद मार्गदर्शक संकेतक नहीं लगाए जाने से वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है। खासकर माणि क्षेत्र में सर्विस रोड और प्रमुख गंतव्यों की ओर जाने वाले मार्गों की स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

बीसी रोड की ओर से आने वाले वाहन चालकों को पुत्तूर, सुल्या और मैसूरु जाना हो तो माणि में बाईं ओर सर्विस रोड लेकर अंडरपास से दाईं ओर मुडऩा पड़ता है। लेकिन इस मोड़ की पर्याप्त जानकारी देने वाले संकेतक नहीं होने के कारण तेज गति से आने वाले कई वाहन चालक सीधे आगे निकल जाते हैं। फ्लाईओवर पर पहुंचने के बाद उन्हें गलती का पता चलता है।

इसके बाद कुछ चालक वापस लौटने के बजाय राजमार्ग पर ही वाहन मोडक़र विपरीत दिशा में आने लगते हैं। इससे आमने-सामने टक्कर की आशंका बढ़ जाती है। वाहन चालकों के अनुसार, हाल ही में मैसूरु की ओर जा रहा एक वाहन सर्विस रोड में प्रवेश नहीं कर सका और आगे निकल गया। बाद में विपरीत दिशा से लौटते समय उसकी पिकअप वाहन से टक्कर हो गई, जिसमें एक महिला की मौत हो गई।

100 किमी की रफ्तार, संकेतक नजर नहीं आते

कल्लडका और माणि राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाईं ओर सर्विस रोड का संकेतक मौजूद है, लेकिन आगे आने वाले गांवों और गंतव्यों की जानकारी स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देती। इससे खासकर पहली बार इस मार्ग से गुजरने वाले और तेज गति से चलने वाले वाहन चालकों को परेशानी होती है।

वाहन चालकों के अनुसार, सडक़ किनारे लगे डिजिटल स्क्रीन पर 100 किमी प्रति घंटे से अधिक गति से चलने वाले वाहनों का विवरण दर्ज होता है और ओवरस्पीडिंग करने वालों को यातायात पुलिस की ओर से नोटिस भेजा जा रहा है। ऐसे में मार्गदर्शक संकेतकों को भी उतनी ही प्राथमिकता देने की जरूरत है।

दूर से दिखें संकेतक

वाहन चालकों ने मांग की है कि कल्लडका हाईवे पर विट्टल, माणिला, ओडियूर और माणि हाईवे पर उप्पिनंगडी, हासन, बेंगलूरु, पुत्तूर, सुल्या और मैसूरु जाने वाले मार्गों के संकेतक काफी पहले और स्पष्ट रूप से लगाए जाएं।

रात में भी आसानी से दिखाई देने वाले प्रकाशयुक्त या डिजिटल दिशा-सूचक बोर्ड लगाने की मांग की गई है, ताकि वाहन चालक अंतिम समय में अचानक मोड़ लेने या गलत दिशा में वाहन लौटाने को मजबूर न हों।

 

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?

अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें

हर खबर सबसे पहले

Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

 

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *