सप्ताह के सात फेरे घटाकर सिर्फ तीन किए
25 अक्टूबर से नया शीतकालीन कार्यक्रम
बेलगावी की उपेक्षा का आरोप
बेलगावी। बेलगावी से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए इंडिगो एयरलाइंस का नया शीतकालीन उड़ान कार्यक्रम परेशानी बढ़ाने वाला है। एयरलाइन ने बेलगावी-दिल्ली सीधी विमान सेवा के साप्ताहिक सात फेरों को घटाकर महज तीन कर दिया है। 25 अक्टूबर से लागू होने वाली नई समय-सारिणी में दिल्ली की उड़ान अब केवल मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को ही उपलब्ध होगी।
24 अक्टूबर तक दिल्ली की सेवा पहले की तरह रोजाना संचालित होगी। इसके बाद 27 अक्टूबर से यात्रियों को सप्ताह में चार दिन सीधी उड़ान की सुविधा नहीं मिलेगी। इससे दिल्ली आने-जाने वाले व्यापारियों, उद्यमियों, नौकरीपेशा लोगों और नियमित यात्रियों की परेशानी बढऩे की आशंका है।
दिल्ली के फेरे घटे, दूसरे मार्ग बरकरार
इंडिगो ने अन्य प्रमुख मार्गों पर मौजूदा सेवा में बड़ी कटौती नहीं की है। बेलगावी-बेंगलूरु मार्ग पर रोजाना दो उड़ानें, बेलगावी-हैदराबाद मार्ग पर एक उड़ान तथा नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के लिए रोजाना एक सीधी उड़ान जारी रहेगी। ऐसे में दिल्ली जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजधानी मार्ग पर ही फेरों में इतनी बड़ी कटौती को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय उद्यमियों और यात्रियों का कहना है कि बेलगावी से दिल्ली के बीच सीधा हवाई संपर्क व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण है। फेरों में कमी से यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों पर निर्भर रहना पड़ेगा और यात्रा का समय व खर्च दोनों बढ़ सकते हैं।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बेलगावी हवाईअड्डे की तुलना में हुब्बल्ली को अधिक प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने इंडिगो से दिल्ली की दैनिक सेवा बहाल करने की मांग की है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
