85 साल पुराना स्कूल बदहाली की भेंट, बच्चों की सुरक्षा दांव परबदहाली से जूझ रहा डोणवाड़ का सरकारी उच्च प्राथमिक विद्यालय।

12 कमरों में एक जर्जर, खुले बिजली के तार और उखड़ी फर्श

पेयजल-शौचालय तक का संकट, दशक में 116 विद्यार्थी घटे

चिक्कोडी (बेलगावी)। शिक्षा की नींव मजबूत करने के दावों के बीच डोणवाड़ का सरकारी उच्च प्राथमिक विद्यालय खुद बदहाली से जूझ रहा है। वर्ष 1940 में स्थापित इस स्कूल में जर्जर इमारत, खुले बिजली के तार, उखड़ी फर्श और बुनियादी सुविधाओं का अभाव बच्चों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रहा है। कभी 200 से अधिक विद्यार्थियों से गुलजार रहने वाले विद्यालय में अब महज 84 बच्चे पढ़ रहे हैं। एक दशक में विद्यार्थियों की संख्या 116 घट गई, लेकिन स्कूल की हालत सुधारने के लिए ठोस पहल नजर नहीं आ रही।

विद्यालय में पहली से आठवीं तक की कक्षाएं चलती हैं। पांच शिक्षक और 12 कमरे होने के बावजूद एक कमरा पूरी तरह जर्जर है। उसके आसपास बच्चों की आवाजाही और खेलकूद से हादसे का खतरा बना रहता है। टूटी खिड़कियां-दरवाजे, बदरंग दीवारें, उखड़ी फर्श और खुले बिजली के तार परिसर की बदहाली बयान करते हैं। कई कक्षाओं के ब्लैकबोर्ड का सीमेंट उखड़ चुका है। छत की खपरैलें उडऩे के बाद चादरें लगाई गई हैं, जिससे गर्मी के दिनों में बच्चों की परेशानी बढ़ती है।

22 लाख खर्च, फिर भी कमरे की फर्श उखड़ी

नाबार्ड योजना के तहत 2018 से 2020 के बीच 22 लाख रुपए की लागत से बने कमरे की फर्श भी उखड़ चुकी है। पंखे और अलमारियां टूटे पड़े हैं। शौचालयों की हालत खराब है और स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। शिक्षण सामग्री बिखरी पड़ी है तथा कई वस्तुएं जंग खा रही हैं। सवाल यह है कि लाखों रुपए खर्च होने के बावजूद बच्चों को सुरक्षित और सुविधाजनक कक्षाएं क्यों नहीं मिल पा रही हैं।

200 से घटकर 84 विद्यार्थी

स्थानीय निवासी राचप्पा शिवापूरे के अनुसार, एक दशक पहले स्कूल में 200 से अधिक विद्यार्थी थे। अब यह संख्या घटकर 84 रह गई है। बुनियादी सुविधाओं की कमी और जर्जर भवन ने विद्यालय की स्थिति पर चिंता बढ़ा दी है। शिक्षा विभाग, तालुक प्रशासन और ग्राम पंचायत के सामने अब स्कूल की मरम्मत, सुरक्षित कक्षाओं, पेयजल और शौचालय जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की चुनौती है। बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी इस समस्या पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो हादसे का खतरा बना रहेगा।

 

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?

अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें

हर खबर सबसे पहले

Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *