क्षेत्रीय निदेशक समेत कई पर एफआईआर
पैसे लेकर मोबाइल और किताबों के साथ परीक्षा देने की छूट देने का आरोप
कुलसचिव की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मामला
शिवमोग्गा। कर्नाटक राज्य मुक्त विश्वविद्यालय (केएसओयू) के शिवमोग्गा क्षेत्रीय केंद्र में परीक्षा के दौरान कथित सामूहिक नकल और पैसे वसूली का मामला सामने आया है। विद्यार्थियों से रकम लेकर मोबाइल फोन और पाठ्यपुस्तकों के साथ परीक्षा देने की अनुमति देने के आरोप में क्षेत्रीय निदेशक बी.एम. स्वामी समेत अन्य कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। विश्वविद्यालय के कुलसचिव एम.पी. सदाशिव की शिकायत पर तुंगानगर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के मुताबिक, आल्कोला स्थित क्षेत्रीय केंद्र में स्नातक और स्नातकोत्तर परीक्षाओं के दौरान पैसे देने वाले विद्यार्थियों को दूसरी मंजिल पर विशेष व्यवस्था के तहत बैठाया जाता था। उन्हें मोबाइल और पाठ्यपुस्तकों की मदद से परीक्षा देने की छूट थी, जबकि पैसे नहीं देने वाले विद्यार्थियों को पहली मंजिल पर बैठाया जाता था।
क्षेत्रीय निदेशक के नेतृत्व में कर्मचारियों के माध्यम से वसूली और सामूहिक नकल की सुविधा उपलब्ध कराने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में कहा गया है कि इस व्यवस्था से ईमानदारी से परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के साथ अन्याय हुआ और विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता प्रभावित हुई।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस अन्य कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

