कारवार के मुदगा बंदरगाह पर हादसा
मछली बंदरगाहों पर जहरीली गैस का कहर, तीन दिन में पांच मौतें
कारवार। उत्तर कन्नड़ जिले के कारवार तालुक स्थित मुदगा मछली बंदरगाह पर शनिवार तडक़े मछली भंडारण कक्ष में जहरीली गैस की चपेट में आने से दो श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य की हालत गंभीर है। हादसा नाव के बंद कोल्ड स्टोरेज कक्ष से मछलियां निकालने के दौरान हुआ। आशंका है कि सड़ी मछलियों से निकली जहरीली गैस के कारण श्रमिकों का दम घुट गया।
मृतकों की पहचान ओडिशा निवासी पुरंदर बिसरा (21) और आकाश नायक (24) के तौर पर की गई है। गंभीर रूप से अस्वस्थ लालिंधर ध्रुव (41) को कारवार के क्रिम्स अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, पायल नामक व्यक्ति की पर्सिन नौका के भंडारण कक्ष में रखी मछलियां निकालने के लिए श्रमिक अंदर उतरे थे। इसी दौरान जहरीली गैस और तेज दुर्गंध के कारण उनका दम घुटने लगा। सूचना मिलने पर ग्रामीण थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
तीन दिन में दूसरा हादसा, सुरक्षा पर सवाल
इससे पहले 27 अक्टूबर को कुमटा तालुक के तदड़ी मछली बंदरगाह पर भी इसी तरह का हादसा हुआ था। नाव के भंडारण कक्ष में जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन मछुआरों की मौत हो गई थी।
तीन दिन के भीतर पांच लोगों की मौत से मछली बंदरगाहों पर श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। बंद और कम हवादार भंडारण कक्षों में बिना पर्याप्त वायु संचार और सुरक्षा उपकरणों के प्रवेश करना जानलेवा साबित हो रहा है। इन घटनाओं ने ऐसे कक्षों की सफाई और रखरखाव के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन की आवश्यकता को रेखांकित किया है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
