सरकार में न एकजुटता, न विकास
खाली खजाने, किसानों की अनदेखी और भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला
चित्रदुर्ग। कर्नाटक की कांग्रेस सरकार में नेतृत्व को लेकर जारी खींचतान के बीच विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोक ने तीसरे मुख्यमंत्री की संभावना जताकर सियासी हलचल तेज कर दी है। उन्होंने कहा कि सरकार में न एकजुटता है और न ही विकास की इच्छाशक्ति। अंदरूनी कलह के चलते राज्य में तीसरा मुख्यमंत्री बने तो भी आश्चर्य नहीं होगा। मौजूदा सरकार अधिक समय तक चलेगी, ऐसा नहीं लगता।
चित्रदुर्ग में शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में अशोक ने आरोप लगाया कि राज्य का खजाना खाली हो चुका है। परिवहन बसों के लिए डीजल खरीदने तक के पैसे नहीं हैं और गन्ना किसानों को राहत देने में भी सरकार असमर्थता जता रही है। भाजपा ने किसानों के लिए 25 हजार रुपए की सहायता मांगी थी, लेकिन सरकार ने केवल 2,500 रुपए घोषित कर उस पर 17 शर्तें लगा दीं। सडक़ें बदहाल हैं और सिंचाई परियोजनाओं के लिए धन नहीं है।
उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि आबकारी विभाग से लेकर बेंगलूरु के कचरा प्रबंधन तक लूट मची है। दूध की कीमतों में वृद्धि को भी उन्होंने जनता पर अतिरिक्त बोझ बताया। उनका आरोप है कि किसानों को दूध पर सात रुपए का प्रोत्साहन दिए बिना उपभोक्ताओं पर महंगाई थोप दी गई है।
अशोक ने दावा किया कि कांग्रेस विधायकों में भी अपनी ही सरकार के प्रति नाराजगी है। सिद्धरामय्या से जुड़े कथित स्टिंग प्रकरण पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि मामले को दबा दिया गया। सरकार में बढ़ते असंतोष और आपसी खींचतान से प्रशासन तथा विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

