पिता की तरह न्यायाधीश बनने का था सपना
त्यावनिगे गांव में शोक, विवाह की खुशियां मातम में बदलीं
दावणगेरे। उत्तराखंड के चमोली जिले में 30 अक्टूबर को हुए हेलिकॉप्टर हादसे में जान गंवाने वालों में दावणगेरे जिले के चन्नगिरी तालुक स्थित त्यावनिगे गांव के अधिवक्ता सुधीर (49) भी शामिल हैं। बेंगलूरु में पत्नी और दो बच्चों के साथ रहने वाले सुधीर उत्तराखंड यात्रा के बाद गांव लौटकर चाचा के बेटे की शादी में शामिल होने वाले थे। उनकी मौत की खबर से विवाह की खुशियां मातम में बदल गईं।
पिता की तरह न्यायाधीश बनना चाहते थे
सुधीर के पिता मल्लेशप्पा न्यायाधीश थे। उन्हीं से प्रेरित होकर सुधीर ने भी न्यायाधीश बनने का सपना देखा था, लेकिन बाद में अधिवक्ता के रूप में कानून के क्षेत्र में सेवाएं देने लगे। बेंगलूरु में रहने के बावजूद उनका गांव से जुड़ाव बना रहा। वे त्योहारों और पारिवारिक आयोजनों में गांव आते थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, वे जरूरतमंदों को कानूनी सहायता भी उपलब्ध कराते थे।
हादसे में छह लोगों की मौत
30 अक्टूबर को बदरीनाथ से देहरादून जा रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलिकॉप्टर चमोली जिले के हाथी पर्वत क्षेत्र के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इसमें पांच यात्री और एक पायलट सवार थे। हादसे में सभी छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में कर्नाटक के पांच लोग शामिल थे। 31 अक्टूबर की सुबह सभी शव बरामद कर लिए गए। हादसे की जांच शुरू कर दी गई है और संबंधित कंपनी के हेलिकॉप्टरों की उड़ान अस्थायी रूप से रोक दी गई है।
सुधीर का पार्थिव शरीर लेने के लिए परिजन देहरादून रवाना हुए हैं। अंतिम संस्कार त्यावनिगे गांव में होगा या बेंगलूरु में, इस पर परिवार ने अभी निर्णय नहीं लिया है। उनके निधन से गांव में शोक व्याप्त है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

