हावेरी जिले के बत्तिकोप्प गांव में घटना
तीनों को अर्धनग्न कर बेरहमी से पीटने का आरोप
मामले की जांच में जुटी पुलिस
हावेरी। प्रेम विवाह करने के लिए प्रेमिका को लेने पहुंचे युवक और उसके दो दोस्तों को युवती के परिजनों ने पकडक़र खंभे से बांध दिया। आरोप है कि तीनों को अर्धनग्न कर बेरहमी से पीटा गया। घटना हावेरी जिले के रट्टीहल्ली तालुक के बत्तिकोप्प गांव की है।
जानकारी के अनुसार, रट्टीहल्ली निवासी प्रमोद और बत्तिकोप्प गांव की एक युवती के बीच प्रेम संबंध था। कुछ दिन पहले दोनों घर छोडक़र शादी करने के लिए चले गए थे। इसकी जानकारी मिलने पर युवती के परिजनों ने उसे समझाकर वापस घर बुला लिया था।
प्रेमिका का पत्र मिलने पर गांव पहुंचा युवक
बताया गया है कि घर लौटने के बाद युवती ने अपने प्रेमी प्रमोद को पत्र लिखकर उससे शादी करने का संदेश भेजा। इसके बाद प्रमोद अपने दो दोस्तों प्रकाश और परशुराम के साथ बत्तिकोप्प गांव पहुंचा। वह युवती को अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहा था।
इसी दौरान युवती के परिजनों ने तीनों युवकों को पकड़ लिया। आरोप है कि उन्हें एक खंभे से बांधकर अर्धनग्न किया गया और जमकर मारपीट की गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन गांव में बड़ी संख्या में लोगों के जमा होने के कारण स्थिति को नियंत्रित करने में परेशानी हुई। मारपीट में घायल तीनों युवकों के परिजन अब युवती के परिवार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं।
यह घटना हंसभावी पुलिस थाना क्षेत्र में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
