सीबीआई और ईडी अधिकारी बनकर किया फोन
मुंबई एयरपोर्ट के पास थाने में मामला दर्ज होने का दिया झांसा
साइबर ठगों से सतर्क रहने की अपील
विजयपुर। साइबर ठग अब आम लोगों के साथ जनप्रतिनिधियों को भी निशाना बनाने लगे हैं। कर्नाटक के भारी एवं मध्यम उद्योग तथा आधारभूत संरचना विकास और जिला प्रभारी मंत्री डॉ. एमबी पाटील ने खुलासा किया कि ठगों ने सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का अधिकारी बनकर उन्हें भी डिजिटल अरेस्ट करने की कोशिश की।
शहर के परेड मैदान में पुलिस विभाग की ओर से बरामद चोरी की संपत्ति मालिकों को सौंपने के कार्यक्रम में उन्होंने यह जानकारी दी। पाटील ने कहा कि बेलगावी विधानसभा सत्र के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने इंटरनेट कॉल कर खुद को सीबीआई और ईडी अधिकारी बताया। उसने मुंबई हवाई अड्डे के पास एक पुलिस थाने में उनके खिलाफ मामला दर्ज होने का दावा कर डराने की कोशिश की।
मंत्री बताने पर भी जारी रखी ठगी की कोशिश
पाटील ने कहा कि उन्होंने फोन करने वाले को अपने मंत्री होने की जानकारी दी, लेकिन वह अपनी कहानी सुनाता रहा और कथित मामले को लेकर सवाल पूछता रहा। कॉल फर्जी होने का संदेह होने पर उन्होंने फोन करने वाले की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी वर्चुअल कॉल और फर्जी नंबरों के जरिए दूर बैठकर गिरोह संचालित कर रहे हैं। ऐसे मामलों में पढ़े-लिखे लोग भी ठगी का शिकार हो रहे हैं।
डरें नहीं, पुलिस को दें सूचना
मंत्री ने कहा कि डिजिटल अरेस्ट और ब्लैकमेलिंग के जरिए लोगों को मानसिक रूप से प्रताडि़त किया जा रहा है। ठगों की धमकियों से घबराकर कुछ लोग आत्महत्या तक कर रहे हैं। यह गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सीबीआई, ईडी या पुलिस अधिकारी बनकर फोन करने वालों की बातों से घबराएं नहीं और किसी को पैसे न भेजें। ऐसी कॉल मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

