‘रीलम टॉक्स’ ऐप में निवेश के नाम पर ऑनलाइन वसूली
शुरुआत में थोड़ा मुनाफा देकर जीता भरोसा, बाद में मूलधन और लाभ दोनों देने बंद किए
बल्लारी। मोबाइल ऐप पर विज्ञापन देखने के बदले हर क्लिक पर 11 रुपए देने का लालच देकर एक दंपती से 25.01 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। इस संबंध में बल्लारी के सीईएन अपराध पुलिस थाने में भजरंगी शर्मा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है।
पुलिस के अनुसार, कप्पगल रोड (वर्तमान तिरुमलनगर कैंप) निवासी श्रीनिवासुलु और उनकी पत्नी इस ठगी के शिकार हुए हैं। आरोपी भजरंगी शर्मा से श्रीनिवासुलु की पहचान वर्ष 2017-18 में हुई थी। उसने दंपती को बताया कि वह रीलम क्लिक्स कंपनी का रीलम टॉक्स नामक सोशल मीडिया ऐप विकसित कर रहा है। इस ऐप पर विज्ञापन देखने पर प्रत्येक विज्ञापन के लिए 11 रुपए दिए जाएंगे।
अलग-अलग पैकेज में निवेश का लालच
आरोपी ने दंपती को अलग-अलग पैकेज में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। उसकी बातों पर भरोसा कर दंपती ने 2 जनवरी 2025 से 6 अगस्त 2025 के बीच किस्तों में कुल 25,01,723 रुपए ऑनलाइन हस्तांतरित कर दिए।
शुरुआत में आरोपी ने उन्हें कुछ रकम लाभ के रूप में दी, जिससे उनका भरोसा बढ़ गया। लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया। पूछताछ करने पर उसने कंपनी का किसी दूसरी संस्था के साथ समझौता होने और नई कंपनी बनाकर लाभ की रकम देने का आश्वासन दिया। इसी तरह वह लगातार समय टालता रहा।
न मूलधन लौटाया, न मुनाफा दिया
काफी इंतजार के बाद भी जब दंपती को न तो निवेश की मूल रकम मिली और न ही वादा किया गया लाभ, तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। बाद में 31 अक्टूबर को बेल्लारी सीईएन अपराध पुलिस थाने पहुंचकर भजरंगी शर्मा के खिलाफ औपचारिक शिकायत दी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
