चार पुलिसकर्मी निलंबित, लापरवाही के आरोप में चार कर्मचारियों को नोटिस
सोशल मीडिया पर दावा करने वालों से होगी पूछताछ
हावेरी। ग्राम प्रशासन अधिकारी (वीएओ) भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितता का मामला नया मोड़ लेता जा रहा है। जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर झूठे आरोप लगाने वालों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया जाएगा।
गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में जिलाधिकारी विजयमहांतेश दानम्मनवर ने कहा कि आरोपी शंकर बन्नूर परीक्षा में शामिल हुआ था या नहीं, इसकी जांच सीसीटीवी फुटेज, परीक्षार्थियों के हस्ताक्षर और चेहरे की पहचान सहित विभिन्न साक्ष्यों के आधार पर की गई है। सभी पहलुओं की जांच के बाद ही पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
इस बीच, खुद को सहपरीक्षार्थी बताने वाले एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर दावा किया है कि शंकर बन्नूर परीक्षा देने आया ही नहीं था। जिलाधिकारी ने कहा कि आरोप लगाने वालों को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। वे अपने दावे के समर्थन में प्रमाण प्रस्तुत करते हैं तो उसकी जांच होगी, अन्यथा झूठे आरोप लगाने वालों के खिलाफ ही मामला दर्ज किया जाएगा।
चार कर्मचारियों को नोटिस
परीक्षा केंद्र पर ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में प्राचार्यों सहित चार कर्मचारियों को नोटिस जारी किया गया है। प्रारंभिक जांच में प्राचार्य रमाकांत भट्ट, बसवराज सवदी, राजू दंडेप्पनवर सहित चार लोगों की लापरवाही सामने आई है। संबंधित प्रबंधन को उनके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा नहीं होने पर सरकार की ओर से कार्रवाई की जाएगी। सहायक कार्यकारी अभियंता (एईई) को निलंबित करने के लिए लोक निर्माण विभाग को भी पत्र लिखा गया है।
चार पुलिसकर्मी निलंबित
पुलिस अधीक्षक यशोदा वंटगोड़ी ने कहा कि परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति देने के मामले में पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आई है। उपाधीक्षक की रिपोर्ट के आधार पर चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है, जबकि दो अन्य के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की गई है।
निलंबित पुलिसकर्मियों में शिग्गावी थाने के सीए मरेण्णवर और वीसी होन्नल्ली, सवणूर थाने के आरएम मणकवाड तथा आडूर थाने के एसआर नागनूर शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सोशल मीडिया पर शंकर बन्नूर के परीक्षा केंद्र में नहीं आने का दावा करने वाले अनिल कांबले और सतीश लमाणी से भी पूछताछ की जाएगी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

