वॉच टावर, सीसीटीवी और जैमर भी नहीं रोक पाए प्रतिबंधित सामान की आपूर्ति
बल्लारी केंद्रीय कारागार प्रशासन ने सडक़ पर आवागमन बंद कर तैनात किए सुरक्षाकर्मी
बल्लारी। केंद्रीय कारागार की ऊंची चारदीवारी के बावजूद कैदियों तक गांजा, सिम कार्ड और अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं पहुंचाने की घटनाओं ने जेल प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। सीसीटीवी कैमरे, जैमर और दो वॉच टावर होने के बाद भी बाहरी लोग दीवार के पार से सामान अंदर फेंक रहे थे। इस पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने जेल से सटी सडक़ पर आवागमन बंद कर दिन-रात सुरक्षाकर्मी तैनात किए हैं।
वॉच टावर भी नहीं रोक पाए गतिविधियां
राज्य की प्रमुख जेलों में शामिल बल्लारी केंद्रीय कारागार में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे और जैमर लगाए गए हैं। निगरानी के लिए हाल ही में लाखों रुपए खर्च कर दो बड़े वॉच टावर भी बनाए गए। इसके बावजूद बाहरी तत्व जेल की दीवार के पास पहुंचकर प्रतिबंधित सामान अंदर फेंकने में सफल हो रहे थे।
सडक़ के दोनों छोर पर पहरा
दुर्गम्मा मंदिर से एसपी सर्कल की ओर जाने वाली अंदरूनी सडक़ जेल की चारदीवारी से सटी है। इसी रास्ते से कुछ लोग बाइक या पैदल पहुंचकर सामान फेंककर फरार हो जाते थे। सुरक्षाकर्मियों के मौके पर पहुंचने तक आरोपी भाग निकलते थे। इसे देखते हुए सडक़ के दोनों छोर पर पत्थर रखकर रास्ता बंद कर दिया गया है। यातायात को वैकल्पिक मार्ग पर भेजा जा रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
वॉच टावर, सीसीटीवी और जैमर के बावजूद प्रतिबंधित सामान जेल के भीतर पहुंचना सुरक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है। सडक़ बंद करना तात्कालिक उपाय है, लेकिन इन घटनाओं में शामिल लोगों और उनके नेटवर्क की पहचान करना भी जरूरी है।
दिन-रात सुरक्षाकर्मियों की तैनाती
सीसीटीवी और सुरक्षाकर्मी लगातार निगरानी कर रहे हैं। इसके बावजूद प्रतिबंधित वस्तुएं अंदर फेंकने की घटनाएं सामने आने पर सडक़ पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। दोनों ओर सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। इस व्यवस्था से ऐसी घटनाओं पर नियंत्रण पाने में मदद मिली है।
–वी. कृष्णमूर्ति, जेल अधीक्षक
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

