मक्का-धान छोड़ रागी पर दांव, सूखे में किसानों की बल्ले-बल्लेरागी की खेती।

सूखे को मात देकर किसानों ने उगाया सोना, रागी की बंपर पैदावार से मंडी गुलजार

धान-मक्का के गढ़ में किसानों ने बदली खेती की राह

रागी का रकबा तीन गुना बढक़र 33,581 हेक्टेयर पहुंचा

8.39 लाख क्विंटल उत्पादन का अनुमान

दावणगेरे। बारिश की कमी ने जहां खेती-किसानी के सामने संकट खड़ा किया, वहीं दावणगेरे जिले के किसानों ने फसल बदलकर सूखे को चुनौती दे दी। धान और मक्का की खेती के लिए पहचाने जाने वाले इस जिले में पहली बार किसानों का रुझान कम पानी में तैयार होने वाली रागी की ओर बढ़ा है। नतीजा यह हुआ कि रागी की बुवाई का क्षेत्र सामान्य लक्ष्य से करीब तीन गुना हो गया। अब फसल की कटाई शुरू होते ही कृषि उपज मंडी में रागी की भारी आवक हो रही है। सूखे के बीच किसानों की यह पहल खेती में बदलाव की नई मिसाल बन रही है।

13 हजार से बढक़र 33 हजार हेक्टेयर हुआ रकबा

दावणगेरे जिले में हर साल करीब 13,659 हेक्टेयर क्षेत्र में रागी की बुवाई का लक्ष्य रहता था। इस बार किसानों ने 33,581.94 हेक्टेयर में रागी की खेती की है। यानी सामान्य लक्ष्य के मुकाबले रकबा लगभग ढाई गुना है। जिले में सामान्य तौर पर करीब 1.90 लाख क्विंटल रागी का उत्पादन होता था, जबकि इस बार 8,39,548.50 क्विंटल उत्पादन का अनुमान लगाया गया है।

मक्का की फसल में खरपतवार ने भी बदला रुझान

जिले में कम बारिश के कारण अधिक पानी की जरूरत वाली धान और मक्का की खेती जोखिम भरी हो गई थी। वहीं मक्का की फसल में मु_ा सज्जे नामक खरपतवार का प्रकोप भी किसानों के लिए परेशानी बना। कृषि विभाग ने किसानों को कम पानी में तैयार होने वाली रागी जैसी सूखा सहनशील फसलों की ओर प्रोत्साहित किया। इससे किसानों को फसल बदलने का विकल्प मिला।

मंडी में रोजाना तीन हजार क्विंटल से अधिक आवक

रागी की कटाई शुरू होने के साथ दावणगेरे एपीएमसी में इसकी आवक तेजी से बढ़ी है। फिलहाल प्रतिदिन तीन हजार क्विंटल से अधिक रागी मंडी पहुंच रही है। आवक बढऩे से रोजाना नीलामी की जा रही है। आने वाले दिनों में आवक और बढऩे का अनुमान है।

समर्थन मूल्य से किसानों को उम्मीद

केंद्र सरकार ने इस साल रागी का न्यूनतम समर्थन मूल्य 5,205 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। हालांकि, दावणगेरे मंडी में फिलहाल खुले बाजार में 3,000 से 3,500 रुपए प्रति क्विंटल तक भाव मिल रहा है। ऐसे में किसानों को समर्थन मूल्य पर खरीद केंद्र शुरू होने की उम्मीद है। जिले सहित कई क्षेत्रों से खरीद केंद्र खोलने और खरीद एजेंसी नियुक्त करने के लिए प्रस्ताव भेजे गए हैं।

राज्य में भी बढ़ा रागी का रकबा

राज्य में इस खरीफ मौसम में 8,37,566.72 हेक्टेयर में रागी की बुवाई हुई है, जबकि लक्ष्य 8,20,383 हेक्टेयर था। पिछले वर्ष की तुलना में करीब 17,813 हेक्टेयर अधिक क्षेत्र में बुवाई हुई है। रागी उत्पादन में तुमकूरु पहले और हासन दूसरे स्थान पर है। इसके बाद मैसूरु, बेंगलूरु दक्षिण, कोलार और अन्य दक्षिणी जिलों का स्थान है।

खेती का संदेश

कम बारिश के बीच फसल चयन में बदलाव ने दावणगेरे के किसानों को नई उम्मीद दी है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि सरकार समर्थन मूल्य पर खरीद कब शुरू करती है और किसानों को उनकी उपज का कितना लाभ मिलता है।

प्रमुख आंकड़ों की स्थिति

रागी बुवाई 33,581.94 हेक्टेयर
अनुमानित उत्पादन 8,39,548.50 क्विंटल
सामान्य बुवाई लक्ष्य 13,659 हेक्टेयर
दैनिक मंडी आवक 3,000 क्विंटल से अधिक
न्यूनतम समर्थन मूल्य 5,205 रुपए प्रति क्विंटल
मंडी में मौजूदा भाव 3,000-3,500 रुपए

 

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?

अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें

हर खबर सबसे पहले

Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *