धान की कमी से चावल उद्योग पर संकटरायचूर एपीएमसी परिसर में बिक्री के लिए पहुंचे धान के बोरों का ढेर।

स्थानीय उपज घटने की आशंका, उत्तर प्रदेश से मंगाया 2,184 टन धान

12 मालगाडिय़ों की रेक से पहुंची खेप

तीन हजार श्रमिकों के रोजगार पर मंडराया खतरा

रायचूर। बारिश की कमी का असर अब धान की खेती के साथ चावल उद्योग पर भी पडऩे लगा है। स्थानीय उत्पादन घटने की आशंका के चलते रायचूर के चावल मिल संचालकों को दूसरे राज्यों से धान मंगाना पड़ रहा है। मिलों का संचालन जारी रखने और हजारों श्रमिकों का रोजगार बचाने के लिए उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के गौरीगंज से 2,184 टन धान मंगाया गया है। इसकी आपूर्ति 12 मालगाडिय़ों की रेक में शामिल 42 डिब्बों के जरिए हुई है।

रायचूर और कोप्पल जिले धान उत्पादन के प्रमुख केंद्र हैं। इस बार कम बारिश के कारण उपज प्रभावित होने की आशंका है। इससे स्थानीय मिलों को पर्याप्त धान नहीं मिलने की चिंता बढ़ गई है।

उत्तर प्रदेश तक पहुंची तलाश

आमतौर पर रायचूर कृषि उपज मंडी में आंध्र प्रदेश और तेलंगाना से धान की आवक होती है। स्थानीय उत्पादन में संभावित कमी को देखते हुए इस बार मिल संचालकों ने उत्तर प्रदेश से भी खरीदारी की है। जिले में करीब 120 चावल मिलें हैं। यहां तैयार होने वाला सोना मसूरी चावल श्रीलंका और बांग्लादेश सहित कई देशों में निर्यात किया जाता है।

तीन हजार श्रमिकों के रोजगार पर खतरा

जिले की चावल मिलों में करीब तीन हजार श्रमिक कार्यरत हैं। इनमें लगभग दो हजार श्रमिक उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के हैं। मिल संचालकों के अनुसार, धान की कमी से मिलें दो-तीन महीने बंद रहीं तो श्रमिकों को काम नहीं मिलेगा। ऐसे में उनके अपने राज्यों में लौटने और दोबारा काम पर नहीं आने की आशंका है। इसी कारण दूसरे राज्यों से धान मंगाने का निर्णय लिया गया है।

धान के भाव में उतार-चढ़ाव

पिछले 15 दिनों से रायचूर मंडी में आंध्र प्रदेश और तेलंगाना का नया धान पहुंच रहा है। अक्टूबर के अंत में छोटे धान का अधिकतम भाव 4,320 रुपए प्रति क्विंटल था, जो 2 नवंबर को घटकर 4,100 रुपए रह गया। इसके बाद कीमतों में सुधार हुआ और गुरुवार को भाव 4,165 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज किया गया।

एक दिन में पहुंचे 41 हजार से अधिक बोरे

मंडी में धान की आवक लगातार बढ़ रही है। 19 नवंबर को 41,538 बोरे पहुंचे। एक दिन में करीब 45 हजार बोरों की आवक से भंडारण की समस्या खड़ी हो गई। जगह की कमी के कारण शुक्रवार को खरीद रोकनी पड़ी।

कर्नाटक राज्य राइस मिलर्स एसोसिएशन की कार्यकारी अध्यक्ष सावित्री पुरुषोत्तम के अनुसार, उत्तर प्रदेश के धान की गुणवत्ता स्थानीय धान जैसी नहीं है। स्थानीय धान की मांग अब भी बनी हुई है। उन्होंने नए साल में चावल की कीमतें बढऩे की संभावना जताई।

रायचूर मंडी में धान की आवक

तारीख — आवक (बोरे) — अधिकतम भाव (रुपए/क्विंटल)

2 नवंबर — 17,752 — 4,100
5 नवंबर — 12,313 — 4,251
12 नवंबर — 20,820 — 3,940
14 नवंबर — 24,359 — 4,041
17 नवंबर — 38,325 — 4,104
18 नवंबर — 35,787 — 4,142
19 नवंबर — 41,538 — 4,165

 

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?

अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें

हर खबर सबसे पहले

Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *