अब एक ही पन्ने में होगा जमीन का पूरा ब्योरा

क्यूआर कोड से खुलेंगी सभी जानकारियां

दिसंबर से लागू हो सकती है एकीकृत पहाणी व्यवस्था

राजस्व विभाग ने की नए फॉर्म-16ए की तैयारी

भूमि धोखाधड़ी पर लगेगी लगाम, मालिकाना हक से लेकर नक्शे और फसल की जानकारी तक होगी उपलब्ध

हुब्बल्ली। किसानों को अब जमीन से जुड़े दस्तावेजों के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। कर्नाटक सरकार का राजस्व विभाग एकीकृत पहणी (भूमि अभिलेख) व्यवस्था लागू करने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत नए फॉर्म-16ए में जमीन से संबंधित सभी महत्वपूर्ण जानकारियां एक ही पन्ने पर उपलब्ध होंगी। साथ ही, पहणी पर दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन करते ही भूमि अभिलेखों का विस्तृत ब्योरा डिजिटल रूप में देखा जा सकेगा। सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो दिसंबर से नई व्यवस्था शुरू हो सकती है।

नई एकीकृत पहणी में जमीन का मालिकाना हक, कुल क्षेत्रफल, सर्वेक्षण संबंधी विवरण, नक्शा, फसल और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां एक साथ मिलेंगी। इससे किसानों को अलग-अलग दस्तावेजों के लिए आवेदन करने, शुल्क चुकाने और सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी।

हर जमीन को मिलेगा 14 अंकों का भू-आधार

नई व्यवस्था के तहत भूमि धोखाधड़ी रोकने के लिए प्रत्येक संपत्ति को 14 अंकों का भू-आधार नंबर दिया जाएगा। इसके साथ यूनिक लैंड पार्सल आइडेंटिफिकेशन नंबर (यूएलपिन) के माध्यम से जमीन के मालिकाना हक की पहचान और भूमि संबंधी लेनदेन को आसान बनाया जाएगा।

फॉर्म-16ए को आकरबंद डेटाबेस से सीधे जोड़ा जाएगा, जिससे भूमि अभिलेखों का मिलान सटीक सर्वेक्षण आंकड़ों के साथ किया जा सकेगा।

इसके अलावा ओपन लोकेशन कोड (ओएलसी) और जियोकोडिंग सुविधा भी उपलब्ध होगी। जीपीएस की मदद से जमीन की वास्तविक स्थिति तक पहुंचना आसान होगा। सीमा सत्यापन और भूखंड की पहचान के लिए उपग्रह चित्रों तथा कैडस्ट्रल नक्शों को भी इसमें शामिल किया जाएगा। सिंचित और वर्षा आधारित खेती सहित फसल संबंधी जानकारी भी उपलब्ध रहेगी।

2.1 करोड़ से अधिक पहणियां होंगी शामिल

राज्य में 2.1 करोड़ से अधिक पहणियां होने का अनुमान है। इनमें से 9.59 लाख संपत्तियों के लिए फॉर्म-16ए पहणी तैयार की जा चुकी हैं। करीब छह लाख पहणियों को एकीकृत पहणी में बदलने की प्रक्रिया जारी है। प्रायोगिक परीक्षण के बाद इसे आधिकारिक रूप से लागू किया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री डॉ. जी. परमेश्वर ने एक करोड़ से अधिक पहणियों को फॉर्म-16ए व्यवस्था के दायरे में लाने के लिए तीन महीने की समयसीमा तय की है।

देश में पहली बार ऐसी पहल

उपमुख्यमंत्री डॉ. जी. परमेश्वर के अनुसार, किसानों को जमीन से जुड़े दस्तावेज आसानी से उपलब्ध कराने और राजस्व विभाग की सेवाओं को सरल बनाने के लिए यह व्यवस्था तैयार की जा रही है। अभी किसानों को पहणी, आकरबंद, नक्शा और अन्य दस्तावेज हासिल करने के लिए आवेदन करना पड़ता है और कई बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं।

इस परेशानी को दूर करने के उद्देश्य से एकीकृत फॉर्म-16ए पहणी तैयार की गई है। यह देश में अपनी तरह की पहली पहल है। केंद्र सरकार की एक टीम भी इस व्यवस्था का अध्ययन कर रही है।

किसानों को होंगे ये फायदे

भूमि अभिलेखों में छेड़छाड़ और धोखाधड़ी पर अंकुश लगेगा।
दस्तावेजों के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर कम होंगे।
बिचौलियों के हस्तक्षेप के बिना रिकॉर्ड प्राप्त करना आसान होगा।
विभिन्न सरकारी विभागों को एकीकृत भूमि आंकड़ों का लाभ मिलेगा।
सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की पहचान में मदद मिलेगी।
जमीन की सीमाओं और मालिकाना हक का सत्यापन आसान होगा।

नई पहणी में क्या-क्या होगा?

जमीन के मालिक का नाम और फोटो।
कुल क्षेत्रफल और आकरबंद का विवरण।
जमीन का नक्शा और केएसआरएसएसी मैप।
किसान पहचान पत्र (फार्मर आईडी)।
मास्क्ड आधार नंबर और पता।
सिंचाई, वर्षा आधारित खेती और फसल संबंधी विवरण।
भूखंड का 14 अंकों का भू-आधार और यूएलपिन।

क्यूआर कोड से मिलेगी पूरी जानकारी

नई पहणी पर उपलब्ध क्यूआर कोड स्कैन करने पर म्यूटेशन रजिस्टर, जमीन के नक्शे, आकरबंद और भार प्रमाणपत्र (ईसी) से संबंधित विवरण तुरंत देखे जा सकेंगे। इससे जमीन की खरीद-बिक्री से पहले दस्तावेजों की जांच करना भी आसान होगा।

 

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?

अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें

हर खबर सबसे पहले

Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *