जर्मन टेंट पर 4.74 करोड़ और सीसी कैमरों के किराए पर 4.25 करोड़ खर्च करने का दावा
जांच नहीं हुई तो अदालत जाएंगे भीमप्पा गडाद
बेलगावी। सुवर्ण विधानसौधा में पिछले वर्ष हुए शीतकालीन अधिवेशन के दौरान कमरों का दुरुपयोग और जनता के कर के पैसे की फिजूलखर्ची किए जाने का आरोप आरटीआई कार्यकर्ता भीमप्पा गडाद ने लगाया है। सोमवार को उन्होंने कहा कि मंत्रियों के समर्थकों और किसान संगठनों को भी भवन में कमरे आवंटित कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया।
गडाद के अनुसार, अधिवेशन के दौरान जर्मन टेंट किराए पर लेने के लिए 4.74 करोड़ रुपए और सीसीटीवी कैमरों के किराए पर 4.25 करोड़ रुपए खर्च किए गए। उन्होंने सवाल उठाया कि सुवर्ण विधानसौधा अधिवेशन आयोजित करने का केंद्र है या जनता के पैसे की लूट का अड्डा? विधायकों और गणमान्य व्यक्तियों के ठहरने के नाम पर कमरों का दुरुपयोग हुआ। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की आवास व्यवस्था तथा सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के किराए पर भी अनावश्यक खर्च किया गया।
गडाद ने कहा कि इन मामलों की व्यापक जांच की मांग करते हुए विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखा है और लोकायुक्त में शिकायत भी दर्ज कराई है। उन्होंने चेतावनी दी कि जांच के निर्देश नहीं दिए गए तो लोकायुक्त और अदालत के माध्यम से कानूनी लड़ाई लड़ी जाएगी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

