कई देशों ने जताई चिंता

टकराव : यूरोपीय संघ ने कहा, युद्धविराम का सम्मान करें

येरेवान. रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच आर्मीनिया और अजरबैजान में फिर छिड़े संघर्ष ने अमरीका समेत दुनिया के कई देशों को चिंता में डाल दिया है। आर्मीनिया के प्रधानमंत्री निकोल पाशिनयान ने कहा कि अजरबैजान के हमले में उनके 49 सैनिकों की मौत हो गई है। पाशिनयान ने संसद में कहा कि अजरबैजान के सुरक्षा बलों ने करीब छह स्थानों पर हमले किए।

अजरबैजान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि आर्मीनियाई बलों ने उनके देश के तीन जिलों में सैन्य चौकियों पर गोलीबारी की। साथ ही इन क्षेत्रों में बारूदी सुरंगें भी बिछा दीं। आर्मीनिया का आरोप है कि तुर्की के घातक ड्रोन से लैस अजरबैजान के सैनिक उनके क्षेत्र में घुसपैठ की कोशिश कर रहे हैं। इस बीच अमरीका ने दोनों देशों के बीच संघर्ष पर चिंता जताई है। वहीं, यूरोपीय संघ के विदेश नीति प्रमुख जोसेप बोरेल ने आर्मीनिया और अजरबैजान से शत्रुता तत्काल समाप्त करने का आह्वान किया है। बोरेल ने कहा कि युद्धविराम का पूरी तरह से सम्मान किया जाना चाहिए।

दशकों से संघर्ष जारी

अजरबैजान और आर्मीनिया के बीच नागोर्नो-काराबाख को लेकर दशकों से संघर्ष जारी है। यह 4,400 वर्ग किलोमीटर में फैला है। नागोर्नो-काराबाख अजरबैजान का हिस्सा है, लेकिन 1994 में अलगाववादी युद्ध खत्म होने के बाद से यह आर्मीनिया समर्थित बलों के नियंत्रण में है। 2020 में दोनों के बीच छह सप्ताह तक चले संघर्ष में 6,600 से अधिक लोगों की मौत हुई थी। युद्ध में अजरबैजान ने बड़े क्षेत्र को दोबारा हासिल किया था। रूस की मध्यस्थता के बाद दोनों देशों के बीच युद्ध समाप्त हुआ था।

रातभर बरसे गोले

आर्मीनिया ने कहा, अजरबैजान ड्रोन हमले कर रहा है। आर्मीनिया सीमा में रातभर गोले बरसते रहे। इससे पहले 2020 के युद्ध में भी तुर्की के ये ड्रोन आर्मीनिया की हार के कारण बने थे। आर्मीनियाई सेना ने हमले का माकूल जवाब दिया है। वहीं, अजरबैजान ने आर्मीनिया पर विनाशक हमले का आरोप लगाया है। अजरबैजान ने कहा, उसके कई सैनिक मारे गए हैं। हालांकि उसने फिलहाल कोई संख्या नहीं बताई है। दोनों देशों के टकराव के बीच सबकी नजरें दोनों देशों के बीच मध्यस्थता कर रहे रूस पर टिकी हुई हैं।

रूस-यूक्रेन युद्ध

6,000 वर्ग किमी क्षेत्र को मुक्त कराया: जेलेंस्की

कीव. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन की सेना ने जवाबी कार्रवाई में रूस से पूर्व व दक्षिण में 6,000 वर्ग किलोमीटर यूक्रेनी क्षेत्र को मुक्त कराया है। जेलेंस्की ने कहा, ‘अब हम आगे बढ़ रहे हैं।’ यूक्रेन ने उत्तर पूर्व में खारकीव क्षेत्र में जवाबी हमले में व्यापक सफलता का दावा किया है। वहीं, रूस ने स्वीकार किया कि उसकी सेना यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव के दक्षिण-पूर्व इलाके से पीछे हट चुकी है।

यूक्रेन की फ्रंटलाइन पर बड़े पैमाने पर हमले

मॉस्को. रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि उसकी सेना यूक्रेन की फ्रंटलाइन पर व्यापक पैमाने पर हमले कर रही है। सेना हवाई, रॉकेट और तोप के जरिए यूक्रेनी बलों को निशाना बना रही है। रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि उसके सैनिकों ने पूर्वी डोनेट्स्क क्षेत्र में स्लोवियास्क और कोन्स्टेंटिनोव्का के आसपास यूक्रेनी ठिकानों पर सटीक हमले किए।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *