चार माह में 13 की मौत
मध्य-पूर्व संघर्ष से 90 लाख भारतीय प्रभावित
होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यापारिक जहाज बने निशाना
समुद्री सुरक्षा और अर्थव्यवस्था पर बढ़ा संकट
हुब्बल्ली। ईरान और अमेरिका के बीच पिछले चार महीनों से जारी सैन्य संघर्ष अब केवल दो देशों तक सीमित नहीं रहा है। खाड़ी क्षेत्र में बढ़ती अस्थिरता का सबसे बड़ा असर वहां रह रहे और काम कर रहे भारतीयों पर पड़ रहा है। इस संघर्ष में अब तक 13 भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है, जबकि तीन भारतीय नाविक लापता बताए जा रहे हैं। अधिकांश मृतक व्यापारिक जहाजों (मर्चेंट नेवी) और बंदरगाहों पर कार्यरत थे।
व्यापारिक जहाज बने सबसे आसान निशाना
फरवरी के अंत से फारस की खाड़ी, होर्मुज जलडमरूमध्य और ओमान तट के आसपास मिसाइल व ड्रोन हमलों में तेजी आई है। हाल ही में ओमान तट के निकट एक मालवाहक जहाज पर हुए मिसाइल हमले में एक भारतीय नाविक की मौत हो गई। पश्चिमी देशों के जहाजों को निशाना बनाए जाने से उन पर कार्यरत भारतीय नाविक भी चपेट में आ रहे हैं।
होर्मुज में बढ़ा खतरा
दुनिया के लगभग 20 प्रतिशत कच्चे तेल की आपूर्ति होर्मुज जलडमरूमध्य से होती है। यही क्षेत्र अब संघर्ष का प्रमुख केंद्र बन चुका है। ईरान की चेतावनियों और अमेरिकी नौसैनिक गतिविधियों के बीच यहां से गुजरने वाले प्रत्येक जहाज पर हमले का खतरा बना हुआ है।
भारतीय अर्थव्यवस्था पर भी असर
खाड़ी देशों में लगभग 90 लाख भारतीय रहते और काम करते हैं। युद्ध के कारण हजारों भारतीय स्वदेश लौट चुके हैं, जिससे रोजगार और विदेशी मुद्रा प्रेषण (रेमिटेंस) प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। तेल आपूर्ति, आयात-निर्यात और वैश्विक शेयर बाजारों पर भी संघर्ष का असर दिखाई दे रहा है।
भारत से कूटनीतिक पहल की अपेक्षा
विशेषज्ञों का मानना है कि भारत को दोनों देशों के साथ अपने राजनयिक संबंधों का उपयोग कर भारतीय नागरिकों और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। जरूरत पडऩे पर व्यापारिक जहाजों के सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग, विशेष सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक होने पर निकासी अभियान चलाने की दिशा में भी पहल की जानी चाहिए।
खाड़ी देशों में भारतीयों की संख्या
यूएई : 35 लाख
सऊदी अरब : 25 लाख
कुवैत : 10 लाख
ओमान : 7 लाख
कतर : 7 लाख
बहरीन : 3.5 लाख
ईरान : 10 हजार
इराक : 15 हजार
कुल : लगभग 90 लाख भारतीय
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

