अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस ट्रेन हुब्बल्ली-पुणे के बीच सोमवार को पहली बार चली
हुब्बल्ली स्टेशन पर रात्री 12.30 पर पहुंची
हुब्बल्ली. हुब्बल्ली-पुणे के बीच चलने वाली अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन सोमवार को पहली बार चली।
महाराष्ट्र के पुणे से चली ट्रेन के रात 8.23 बजे मीरज पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। रात्रि 10 बजे के करीब बेलगावी पहुंची जहां रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना, बेलगावी सांसद जगदीश शेट्टर ने वंदे भारत ट्रेन का स्वागत किया। इसके बाद सांसद जगदीश शेट्टर वंदे भारत ट्रेन में सवार हो गए। टे्रन के धारवाड़ पहुंचने पर हुब्बल्ली-धारवाड़ महापौर रामन्ना बडिगेर ने ट्रेन का स्वागत किया और शेट्टर के साथ हुब्बल्ली तक यात्रा की। रात्रि 12.30 के करीब वंदे भारत ट्रेन हुब्बल्ली रेलवे स्टेशन पर पहुंची। विधायक महेश टेंगिनकाई, रेल अधिकारी, जेडआरयूसीसी सदस्य महेंद्र सिंघी, हुब्बल्ली रेलवे स्टेशन सलाहकार समिति के सदस्य मगराज भलगट, सुभाषचंद्रा डंक समेत भाजपा नेता और कार्यकर्ता आदि उपस्थित थे।
खूबसूरत आकार की स्मार्ट टेक्नोलॉजी ट्रेन जैसे ही धीरे-धीरे स्टेशन में दाखिल हुई, लोगों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। उन्होंने सीटियां बजाकर, चिल्लाकर और तालियां बजाकर उत्साह व्यक्त किया। भारत माता की जय, जय श्रीराम, मोदी-मोदी… के नारे लगातार लगते रहे।
नई ट्रेन की एक झलक पाने के लिए लोग दो घंटे पहले ही स्टेशन पर जमा हो गए थे। लोगों ने ट्रेन के सामने सेल्फी लेकर जश्न मनाया। वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर लाइव किया। तस्वीरें फेसबुक, व्हाट्सएप के जरिए शेयर कीं।
हवाई जहाज में चढऩे का अनुभव
एक यात्री विजया हिरेमठ ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह कोई रेलगाड़ी नहीं है, ऐसा लगता है मानो हवाई जहाज पर चढ़े हों। पहली ट्रेन में यात्रा के मेरे अनुभव रोमांच से भरे थे। मैं इस स्मृति को एक फोटो फ्रेम में फ्रेम करूंगी।
अत्याधुनिक सुविधाएं
सुषमा जोशी ने कहा कि स्मार्ट बोर्ड, स्मार्ट सीटें, एसी, स्मार्ट टॉयलेट, जानकारी देने के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं, टच स्क्रीन सिस्टम से लैस दरवाजे, सेंसर से खुलने वाले दरवाजे, वर्दीधारी कर्मचारी, सब कुछ खुशी देता है।
यात्रा का समय कम
संतोष हडपद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शिता के परिणामस्वरूप यह सपना साकार हुआ है। पुणे से हुब्बल्ली मार्ग पर यात्रा करने वाली आबादी बहुत बड़ी है। इससे पुणे और हुब्बल्ली के बीच यात्रा का समय कम हो गया है।
प्रधान मंत्री ने किया रवाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल के जरिए हरी झंड़ी दिखाकर ट्रेन परिचालन की शुरुआत की। ट्रेन अपना पहला व्यावसायिक परिचालन 18 सितंबर को हुब्बल्ली से और 19 सितंबर को पुणे से शुरू करेगी। हुब्बल्ली से पुणे तक का किराया, खानपान शुल्क सहित, चेयर कार के लिए 1,530 रुपए, एक्जीक्यूटिव क्लास के लिए 2,780 रुपए और बिना कैटरिंग के चेयर कार के लिए 1,185 रुपए, एक्जीक्यूटिव क्लास के लिए 2,385 रुपए है। ट्रेन में 52 एक्जीक्यूटिव क्लास सीटों और 478 चेयर कार (सीसी) सीटों वाले आठ कोच हैं।
ये है किराया
हुब्बल्ली से धारवाड़ तक चेयर कार (सीसी) यात्रा का किराया 365 रुपए है और एक्जीक्यूटिव क्लास (ईसी) यात्रा का किराया 690 रुपए है। हुब्बल्ली से बेलगावी तक का किराया कैटरिंग के साथ चेयर कार के लिए 520 रुपए, एग्जीक्यूटिव क्लास के लिए 1,005 रुपए और बिना कैटरिंग के चेयर कार के लिए 505 रुपए, एग्जीक्यूटिव क्लास के लिए 990 रुपए है। हुब्बल्ली से पुणे तक का किराया, खानपान शुल्क सहित, चेयर कार के लिए 1,530, एक्जीक्यूटिव क्लास के लिए 2,780 रुपए और बिना कैटरिंग के चेयर कार के लिए 1,185 रुपए, एक्ज़ीक्यूटिव क्लास के लिए 2,385 रुपए है।
ट्रेन का समय
बुधवार, शुक्रवार और रविवार को ट्रेन (20669) श्रीसिद्धारुरूढस्वामी रेलवे स्टेशन, हुब्बल्ली से सुबह 5 बजे प्रस्थान कर दोपहर 1.30 बजे पुणे पहुंचेगी।
बुधवार, शुक्रवार और रविवार को हुब्बल्ली के श्रीसिद्धारूढ़स्वामी रेलवे स्टेशन से सुबह 5 बजे रवाना (प्रस्थान) होने वाली ट्रेन संख्या 20669 दोपहर 1.30 बजे पुणे पहुंचेगी।
धारवाड़ (सुबह 5.15 से 5.17 बजे तक), बेलगावी (सुबह 6.55 से 7 बजे तक), मिरज (9 बजे से 9.05 बजे तक), सांगली (9.15 से 9.17 बजे तक), सतारा (10.47 से 10.50 बजे तक) रुकेंगे।
पुणे से ट्रेन संख्या 20670 गुरुवार, शनिवार और सोमवार को दोपहर 2.15 बजे रवाना होगी और रात 10.45 बजे हुब्बल्ली पहुंचेगी।
ट्रेन सतारा (4.37 से 4.40), सांगली (6.10 से 6.12), मिरज (6.40 से 6.45), बेलगावी (8.35 से 8.40), धारवाड़ (10.20 से 10.22) पर रुकेगी।
भाजपा कार्यकर्ताओं से भरी रही ट्रेन
वंदे भारत ट्रेन के अधिकतर भाजपा कार्यकर्ताओं को पास दिए गए थे। इसके चलते ट्रेन भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं से भरी थी। भारतीय रेल ने इस ट्रेन में सफर करने वाले सभी यात्रियों को पानी, भोजन आदि की आपूर्ति की थी। भाजपा कार्यकर्ता एवं नेताओं ने नि:शुल्क यात्रा का आनंद लिया।
अव्यवस्थाओं को लेकर पत्रकारों ने जताई नराजगी
पत्रकारों को सोमवार दोपहर 12.30 बजे हुब्बल्ली से और 3.30 बजे बेलगावी से विशेष ट्रेन के जरिए मिरज ले जाया गया। मिरज में विशेष ट्रेन से उतरे पत्रकारों को रेलवे स्टेशन पर उचित जानकारी देने और पूछने वाला कोई नहीं था। रेलवे कर्मचारी मिरज स्टेशन पर पत्रकारों को अकेला छोडक़र चले गए। कुछ समय तक इंतजार करने के बाद पत्रकारों से रेल राजमंत्री के सहायक को फोन करके अव्यवस्था और रेल अधिकारियों की लापरवाही को लेकर नाराजगी जताई। इस बारे में सांसद जगदीश शेट्टर से भी शिकायत की।